वरना बांग्लादेशी मुसलमान बंगाल हमसे छीन लेंगे, हिमंता सरमा का ममता बनर्जी पर बड़ा हमला
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने शनिवार को ममता बनर्जी सरकार पर पश्चिम बंगाल के संसाधनों को बांग्लादेशी मुस्लिम घुसपैठियों के हवाले करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहाकि उन्हें सत्ता से हटाना होगा, वरना हम बंगाल गंवा देंगे।

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने शनिवार को ममता बनर्जी सरकार पर पश्चिम बंगाल के संसाधनों को बांग्लादेशी मुस्लिम घुसपैठियों के हवाले करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहाकि उन्हें सत्ता से हटाना होगा, वरना हम बंगाल गंवा देंगे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता शर्मा ने कालिम्पोंग में एक रैली को संबोधित करते हुए दावा किया कि असम और त्रिपुरा की भाजपा सरकारों ने बांग्लादेशी मुसलमानों को भारत में प्रवेश करने से रोका है, जबकि बंगाल में अवैध घुसपैठ जारी है।
मुस्लिम घुसपैठियों के लिए रिजर्व किया खजाना
हिमंता ने कहाकि ममता बनर्जी ने बंगाल का पूरा खजाना बांग्लादेशी मुस्लिम घुसपैठियों के लिए आरक्षित कर दिया है। उन्होंने वोट के लिए इस भूमि को बांग्लादेशी मुसलमानों को बेच दिया। सरमा ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री बनने के बाद से बनर्जी ने पूरे बंगाल को बर्बाद कर दिया है। उन्होंने कहाकि हमें ममता बनर्जी को बंगाल के मुख्यमंत्री पद से हटाना होगा, वरना एक दिन बांग्लादेशी मुसलमान हमसे राज्य को छीन लेंगे। भाजपा नेता ने यह दावा भी किया कि बनर्जी के कार्यकाल में उत्तर बंगाल में कोई विकास नहीं हुआ।
सरकार बनते ही यह कदम
सरमा ने कहाकि बंगाल में भाजपा की सरकार बनते ही हम इस क्षेत्र से सभी बांग्लादेशी घुसपैठियों को बाहर निकाल देंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी सरकार चुनावी फायदे के लिए घुसपैठ करा रही है। उन्होंने दावा किया कि वह बांग्लादेशी घुसपैठियों को वोट के लिए बंगाल बुलाती हैं। उनके यहां आने की एकमात्र शर्त तृणमूल कांग्रेस को वोट देना है। सरमा ने कहाकि असम और त्रिपुरा में भाजपा सरकारों ने घुसपैठ रोकने के लिए कदम उठाए हैं। उन्होंने कहाकि त्रिपुरा और असम में हम बांग्लादेशी मुसलमानों को आने से रोकने के लिए सड़कें बंद कर रहे हैं, लेकिन ममता बनर्जी दरवाजे खुले रखती हैं।
सरकार में बदलाव की वकालत करते हुए उन्होंने कहाकि एक बार बंगाल में भाजपा की सरकार बन जाए, तो हम सीमाएं बंद कर सकेंगे और फिर हम सीमा के इस हिस्से से सभी बांग्लादेशी घुसपैठियों को बाहर निकाल देंगे। उन्होंने कहाकि राज्य में भाजपा के सत्ता में आने के बाद तृणमूल कांग्रेस स्थायी रूप से खत्म हो जाएगी। सरमा ने कहाकि ममता, मोदी (प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी) से डरती हैं क्योंकि उन्हें पता है कि अगर बंगाल में भाजपा सत्ता में आई तो तृणमूल कांग्रेस का हमेशा के लिए सफाया हो जाएगा।
23 को पहले चरण का मतदान
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के लिए 23 अप्रैल को पहले चरण का मतदान होगा। इस चरण में कूच बिहार, अलीपुरद्वार, जलपाईगुड़ी, दार्जिलिंग, उत्तर और दक्षिण दिनाजपुर, मालदा, मुर्शिदाबाद, पुरुलिया, बांकुड़ा, झाड़ग्राम, पश्चिम मेदिनीपुर, पश्चिम बर्धमान और बीरभूम तथा नदिया के कुछ हिस्सों में मतदान होगा। भाजपा नेता ने दावा किया कि उनके (ममता बनर्जी) कार्यकाल में उत्तरी बंगाल में कोई विकास नहीं हुआ है। उन्होंने वादा किया कि एक बार भाजपा बंगाल में सत्ता में आ जाए, तो हम इस क्षेत्र से सभी बांग्लादेशी घुसपैठियों को बाहर निकाल देंगे।
हमें घुसपैठियों के वोटों की जरूरत नहीं
सरमा ने कहाकि हमें घुसपैठियों के वोटों की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहाकि सत्ता में आने पर भाजपा गोरखालैंड मुद्दे का संवैधानिक समाधान खोजेगी और गोरखाओं को न्याय दिलाएगी। उन्होंने कहाकि हमें एक समान नागरिक संहिता लागू करनी होगी और बेरोजगार युवाओं को रोजगार देना होगा। कूच बिहार जिले के दिनहाटा में एक अन्य रैली को संबोधित करते हुए शर्मा ने तृणमूल कांग्रेस द्वारा उनके खिलाफ निर्वाचन आयोग को दी गई उस शिकायत का जिक्र किया, जिसमें उन पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री के खिलाफ सांप्रदायिक रूप से भड़काऊ और विभाजनकारी टिप्पणी करने का आरोप लगाया गया था। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस द्वारा ऐसा कदम उठाने से वह भयभीत नहीं होंगे।
भाजपा नेता ने तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक एवं आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) के संस्थापक हुमायूं कबीर द्वारा पश्चिम बंगाल में बाबरी मस्जिद बनाने के प्रयास का भी जिक्र किया और कहा कि अगर असम में ऐसा कोई प्रयास हुआ होता, तो वह सख्त कार्रवाई करते और उस व्यक्ति को सलाखों के पीछे डाल देते। उन्होंने कहाकि हुमायूं कबीर जैसे किसी व्यक्ति को बाबरी मस्जिद बनाने की बात करते देखकर मुझे बहुत गुस्सा आता है। सरमा ने कहाकि लेकिन मैं बेबस हूं। मैं यहां कुछ नहीं कर सकता क्योंकि मैं असम से हूं। लेकिन जब भाजपा पश्चिम बंगाल में जीत जाएगी, तो ऐसे लोगों को एक दिन के भीतर गिरफ्तार कर लिया जायेगा। ये लोग कोई नायक नहीं हैं।




साइन इन