हीरोगिरी थोड़ा संभाल के बबुआ, IPS अजय पाल शर्मा पर महुआ मोइत्रा के बोल; क्या कहा
बंगाल चुनाव में ऑब्जर्वर बनाए गए उत्तर प्रदेश के तेज तर्रार आईपीएस अजय पाल शर्मा पर टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने हमला बोला है। महुआ ने एक्स पर लिखी पोस्ट में बेहद निजी अंदाज में टिप्पणियां की हैं।

बंगाल चुनाव में ऑब्जर्वर बनाए गए उत्तर प्रदेश के तेज तर्रार आईपीएस अजय पाल शर्मा पर टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने हमला बोला है। महुआ ने एक्स पर लिखी पोस्ट में बेहद निजी अंदाज में टिप्पणियां की हैं। साथ ही आईपीएस से कहा है कि वह हीरोगिरी थोड़ा संभाल के दिखाएं। इस पोस्ट के साथ महुआ मोइत्रा ने अजय पाल शर्मा का वह वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें वह टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान के घरवालों को चेतावनी देते नजर आ रहे हैं। बता दें कि यूपी के प्रयागराज में पोस्टेड अजय पाल शर्मा को दक्षिण 24 परगना में चुनाव ऑब्जर्वर बनाया गया है। इसको लेकर टीएमसी लगातार आक्रामक है।
महुआ मोइत्रा ने क्या लिखा
महुआ मोइत्रा ने अपने एक्स पर, आईपीएस अजय पाल शर्मा को मेंशन करते हुए लिखा है, ‘मेरा फेयर एंड लवली बबुआ। हम वो लोग हैं जो कायदे से आपके छोटा फैंटा और बड़ा फैंटा का भी इलाज कर लेते हैं। हीरोगिरी थोड़ा संभाल के कीजिए।’ गौरतलब है कि अजय पाल शर्मा को चुनाव आयोग ने दक्षिण 24 परगना जिले में ऑब्जर्वर बनाकर भेजा है। वहां पहुंचते ही अजय पाल शर्मा ने गुंडों और माफियाओं के लिए चेतावनी जारी कर दी है। उनका वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें वह कह रहे हैं कि डराने-धमकाने की खबरें आ रही हैं। ऐसे लोग सुधर जाएं, नहीं तो ऐक्शन होगा। ऐसे ही एक वीडियो में अजय पाल टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर के समर्थकों को भी चेतावनी देते नजर आ रहे हैं। वीडियो में वह कह रहे हैं कि जहांगीर के घर के लोग भी सुन रहे हैं। उसे समझा दें कि वोटरों को धमकाने की शिकायतें आईं तो अच्छे से खबर लेंगे। फिर बाद में रोना-पछताना मत।
यूपी के IPS हैं अजय पाल शर्मा
अजय पाल शर्मा मूल रूप से पंजाब के लुधियाना से ताल्लुक रखते हैं। वह 2011 बैच के आईपीएस हैं। फिलहाल उनकी पोस्टिंग प्रयागराज में है। यहां पर वह एडिशनल पुलिस कमिश्नर के रूप में तैनात हैं। वह यूपी पुलिस के तेज तर्रार आईपीएस अधिकारियों में शुमार किए जाते हैं। उत्तर प्रदेश में शामली, जौनपुर, नोएडा और रामपुर में उन्होंने अपराधियों पर नकेल कसी थी। उन्हें एनकाउंटर स्पेशलिस्ट माना जाता है। शानदार फिटनेस और अपने रुआब के चलते वह पुलिस महकमे में सिंघम के रूप में जाने जाते हैं। खास बात यह है कि उन्होंने डेंटिस्ट की भी पढ़ाई की है।
क्यों टीएमसी को रास नहीं आ रहे अजय
असल में अजय पाल शर्मा को दक्षिण परगना जिले में तैनात किया गया है। यह जिला ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी का गढ़ माना जाता है। बुधवार को होने वाले दूसरे चरण के चुनाव में यहां पर किसी तरह की गड़बड़ी न होने पर, इसी इरादे के साथ चुनाव आयोग ने अजय पाल शर्मा को यहां भेजा है। यही बात टीएमसी को रास नहीं आ रही है।




साइन इन