कल का मौसम, 23 मई: चिलचिलाती गर्मी में IMD ने दी खुशखबरी, शनिवार को इन इलाकों में होगी बारिश
उत्तर भारत की बात करें तो जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश होगी। साथ ही, तेज हवाएं और गरज-चमक देखने को मिल सकती है। हिमाचल प्रदेश में कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है।

23 मई को देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज अलग-अलग रहने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ताजा प्रेस रिलीज में यह बताया गया है। पूर्वोत्तर भारत, दक्षिण भारत और हिमालयी क्षेत्रों में बारिश, तेज हवाएं और आंधी-तूफान की आशंका है। उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कई इलाकों में भीषण गर्मी और हीटवेव का असर जारी रहेगा। IMD ने कुछ राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश और कुछ इलाकों में लू को लेकर चेतावनी जारी की है।
पूर्वोत्तर भारत में अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में तेज बारिश की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। पश्चिम बंगाल और सिक्किम के पर्वतीय इलाकों में भी भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। बिहार, झारखंड और ओडिशा में गरज-चमक के साथ बारिश होगी। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इन राज्यों में बिजली गिरने का भी खतरा है।
शनिवार को इन राज्यों में होगी बारिश
तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, लक्षद्वीप, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक के कई हिस्सों में बारिश और आंधी का दौर जारी रहेगा। तमिलनाडु, केरल, रायलसीमा और आंतरिक कर्नाटक में भारी बारिश की संभावना है। आंध्र प्रदेश और आंतरिक कर्नाटक में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ चक्रवात की चेतावनी जारी की गई है। तटीय कर्नाटक और पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों में बिजली चमकने की घटनाएं भी हो सकती हैं। दक्षिण भारत के तटीय क्षेत्रों में गर्म और उमस भरा मौसम बना रहेगा।
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश में कैसा मौसम
उत्तर भारत की बात करें तो जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश होगी। साथ ही, तेज हवाएं और गरज-चमक देखने को मिल सकती है। हिमाचल प्रदेश में कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है। पंजाब में तेज हवाओं और धूल भरी आंधी के आसार हैं। दूसरी ओर दिल्ली, हरियाणा, पूर्वी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई हिस्सों में भीषण गर्मी का असर बना रहेगा। पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ में गंभीर हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है। बिहार, छत्तीसगढ़ और तटीय आंध्र प्रदेश में भी लू चल सकती है।
महाराष्ट्र के मौसम का हाल जानिए
मध्य और पश्चिम भारत में भी मौसम का मिलाजुला असर देखने को मिलेगा। महाराष्ट्र के मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। विदर्भ में गर्म रातें और लू जैसी स्थिति बनी रह सकती है। ओडिशा और उत्तर प्रदेश में रात का तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। IMD ने लोगों को गर्मी वाले इलाकों में दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और बारिश वाले इलाकों में बिजली व तेज हवाओं से सतर्क रहने की सलाह दी है।
कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम, जानें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन