कल का मौसम, 1 जून: सोमवार को इन इलाकों में होगी बारिश, चलेंगी तेज हवाएं; IMD का अलर्ट
उत्तर भारत के राज्यों उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तराखंड में मौसम मिलाजुला रहने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान व हरियाणा-पंजाब के कुछ भागों में गर्म हवाएं और ऊंचा तापमान बना रह सकता है।

1 जून को देश के विभिन्न राज्यों में मौसम काफी मिलाजुला रहने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ताजा प्रेस रिलीज में यह बताया गया है। दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल तट पर पहुंच चुका है और इसके प्रभाव से दक्षिण भारत में वर्षा गतिविधियां बढ़ी हुई हैं। उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में अभी भी गर्मी और लू का असर बना रह सकता है।
दक्षिण भारत के राज्यों केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में सोमवार को बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी वर्षा की संभावना है। विशेष रूप से केरल और तटीय कर्नाटक में मानसूनी वर्षा सक्रिय रहने के आसार हैं। गोवा और कोंकण क्षेत्र में भी रुक-रुक कर वर्षा हो सकती है जिससे तापमान में गिरावट दर्ज होगी। मौसम सुहावना रहेगा।
असम और मेघालय में होगी बारिश
पूर्वोत्तर भारत के राज्यों असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में वर्षा गतिविधियां सबसे अधिक सक्रिय रहने की संभावना है। कई इलाकों में तेज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका व निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। पूर्वोत्तर क्षेत्र में मानसून पूर्व की नमी और बंगाल की खाड़ी से आने वाली हवाओं के कारण मौसम लगातार नम बना रहेगा।
बिहार, झारखंड का कैसा मौसम
पूर्वी भारत में पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड और बिहार के कई हिस्सों में बादल छाए के आसार हैं। इस दौरान कहीं-कहीं गरज के साथ वर्षा होने की संभावना है। पश्चिम बंगाल के उत्तरी जिलों और सिक्किम में अपेक्षाकृत अधिक वर्षा हो सकती है। बिहार और झारखंड में कुछ स्थानों पर आंधी व बिजली गिरने की घटनाएं भी देखने को मिल सकती हैं। इन क्षेत्रों में तापमान सामान्य से थोड़ा कम रहने का अनुमान है, जिससे भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलेगी।
यूपी और दिल्ली के मौसम का हाल
उत्तर भारत के राज्यों उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तराखंड में मौसम मिलाजुला रहने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान व हरियाणा-पंजाब के कुछ भागों में गर्म हवाएं और ऊंचा तापमान बना रह सकता है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में बादल तथा हल्की वर्षा की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर में आंशिक बादल छाने के साथ गर्म और उमस भरा मौसम रह सकता है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां संभव हैं।
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कैसा वेदर
मध्य और पश्चिम भारत में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और गुजरात के मौसम में भी बदलाव देखने को मिल सकता है। विदर्भ, मराठवाड़ा व मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। गुजरात में कहीं-कहीं प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय रह सकती हैं। हालांकि देश के बड़े हिस्से में जून के प्रारंभिक दिनों में तापमान सामान्य से ऊपर रहने का अनुमान है, फिर भी दक्षिण और पूर्वी क्षेत्रों में वर्षा के कारण गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।
कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम, जानें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन