आसमान से 'बरसेगी आग', यूपी से राजस्थान तक हीटवेव का अलर्ट; कैसा रहेगा आपके राज्य का मौसम
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा समेत कई राज्यों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा पूर्वोत्तर और पहाड़ी राज्यों में हल्की बारिश का भी अनुमान लगाया गया है। दिल्ली और यूपी को गर्मी से राहत मिलने का अभी कोई संकेत नहीं है।
अप्रैल की शुरुआत में जहां तापमान से सामान्य कम दर्ज किया जा रहा था तो वहीं 20 तारीख आते-आते गर्मी ने अपना पूरा सितम ढाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के विदर्भ में भयंकर गर्मी का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने चेतावनी देते हुए कहा है कि दोपहर के समय बेवजह बाहर निकलने से परहेज करें। आलम यह है कि उत्तर प्रदेश का पारा 45 डिग्री तक जा सकता है। यानी दोपहर में कई राज्य भट्टी की तरह तपने लगेंगे।
भयंकर गर्मी के अलर्ट के बीच मौसम विभाग ने बिहार समेत कई राज्यों में बारिश का भी अनुमान लगाया है। मौसम विभाग के मुताबिक जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, बिहार, उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश भी हो सकती है। इसके अलावा पूर्वोत्तर के राज्यों असम, सिक्किम, मेघायल, त्रिपुरा और अरुणाचल प्रदेश में भी बारिश काअनुमान है।
राजधानी दिल्ली का मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी दिल्ली को गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। 20 अप्रैल को अधिकतम तापमान 41 डिग्री तक जा सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य 20 से 21 डिग्री तक बना रहेगा। दिल्ली के आसपास के इलाकों में बादल छाए रह सकते हैं। इससे उमस बढ़ने की संभावना है।
यूपी के कई जिलों में 'बरसेगी आग'
मौसम विभाग ने यूपी के कई राज्यों में भयंकर लू का अलर्ट जारी किया है। इनमें बाराबंकी, लखनऊ, सुल्तानपुर, आगरा, वाराणसी, प्रयागराज, बहराइच, शाहजहांपुर और आसपास के जिले शामिल हैं। मौसम विभाग का कहना है कि प्रयागराज का अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री तक पहुंच रहा है। इसके अलावा अन्य जिलों में भी तापमान 42 से 43 डिग्री तक पहुंच गया है। शुष्क पश्चिमी हवाएं तापमान बढ़ा रही हैं।
बिहार में तेज हवाओं का अलर्ट
बिहार में अगले तीन दिन तेज गर्म हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा चिलचिलाती धूप से अभी राहत मिलने की गुंजाइश नहीं है। मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल से सटे इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि ज्यादातर जिलों को गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है।
महाराष्ट्र का मौसम
महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में तेज हवाओँ के साथ हल्की बारिश हो सकती है। मराठवाड़ा में भी हल्की बारिश का अनुमान है। वहीं विदर्भ में लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है। मध्य प्रदेश में 20 से 22 अप्रैल के बीच तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। कई जगहों पर बिजली भी गिर सकती है। साथ ही उमरिया, छिंदवाड़ा और रतलाम जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है।
पंजाब और हरियाणा, रास्थान का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा में भी कई इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहा, जिसमें रोहतक सबसे गर्म स्थान रहा जहां तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रोहतक में अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक रहा। पड़ोसी राज्य पंजाब में भी इसी तरह सामान्य से अधिक तापमान दर्ज किया गया। राज्य में सबसे गर्म स्थान बठिंडा रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लुधियाना में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और पटियाला में 40.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
हरियाणा और पंजाब की साझा राजधानी चंडीगढ़ में भी भीषण गर्मी पड़ी, जहां अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 9.3 डिग्री सेल्सियस रहा। राजस्थान में कोटा में अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राज्य के अधिकांश अन्य स्थानों पर अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। अधिकारियों ने बताया कि बीच जम्मू कश्मीर में बांदीपोरा जिले की गुरेज घाटी के तुलैल क्षेत्र में, गांदरबल जिले के सोनमर्ग क्षेत्र में जोजिला दर्रे के दोनों ओर और शोपियां जिले को पुंछ-राजौरी क्षेत्र से जोड़ने वाली मुगल रोड पर हिमपात की सूचना मिली है।
पहाड़ों में गर्मी से मिली राहत
घाटी के मैदानी इलाकों में दिन के शुरुआती घंटों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। अधिकारियों ने बताया कि हिमपात और बारिश के कारण दिन का तापमान कुछ डिग्री कम हो गया है। हिमपात के कारण मुगल रोड, श्रीनगर-कारगिल रोड और बांदीपोरा-गुरेज रोड सहित कई प्रमुख सड़कें बंद कर दी गई हैं। शनिवार शाम से लेकर पिछले 24 घंटों में हिमाचल प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहा, लेकिन शिमला मौसम विभाग ने कहा कि 23 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है और सोमवार, शुक्रवार व शनिवार को मध्य और उची पहाड़ियों में बारिश होने का अनुमान है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, रविवार को ओडिशा के बड़े हिस्से में लू की स्थिति बनी रही, जिसमें झारसुगुडा राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के शाम के बुलेटिन के अनुसार, राज्य में कम से कम 14 स्थानों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया।
कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम, जानें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन