नौतपा के बीच ही मिलेगी गर्मी से राहत, IMD ने बताई यूपी से महाराष्ट्र तक बारिश की तारीख
मौसम विभाग के मुताबिक 28 मई से गर्मी से राहत मिल सकती है और दिल्ली, बिहार, पंजाब और हरियाणा में बारिश का सिलसिला शुरू हो सकता है। वहीं उत्तर प्रदेश में 29 मई को बारिश की संभावना जताई गई है।

देश में नौतपा शुरू हुए दो दिन बीत रहे हैं और भयंकर गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। हालांकि मौसम विभाग ने जल्द ही गर्मी से राहत मिलने की संभावना जताई है। IMD के मुताबिक 28 मई से उत्तर और पश्चिमी भारत में बारिश का सिलसिला शुरू हो सकता है और तापमान में कमी आ सकती है। वैसे तो नौतपा दो जून तक चलने वाला है, हालांकि बीच में ही लू और भयंकर गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। राजधानी दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में कई जगहों पर तापमान 47 डिग्री के आसपास पहुंच गया है।
28 मई से हो सकती है बारिश
मौसम विभाग का मानें तो 28 मई से मौसम करवट लेने वाला है और फिर तापमान मं 6 से 8 डिग्री तक की कमी दर्ज की जाएगी। बता दें कि नौतपा को साल के सबसे ज्यादा गर्म दिनों में गिना जाता है। रोहिणी नक्षत्र की शुरुआत के साथ ही नौतपा की शुरुआत हो जाती है। उत्तर प्रदेश का बांदा जिला सबसे गर्म इलाकों में है। वहीं आजकल दोपहर में सड़कें सुनसान दिखाई देती हैं।
कब केरल पहुंच रहा है मॉनसून
पहले बताया गया था कि 26 मई को ही मॉनसून केरल में दस्तक देने वाला है। हालांकि वैज्ञानिकों ने कहा है कि अब यह सामान्य समय पर ही आएगा। ताजा बुलेटिन के मुताबिक अगले दो से तीन दिन में मॉनसून दक्षिण पश्चिम और पश्चिम पूर्व सागर, कामोरिन क्षेत्र, दक्षिण पश्चिम और दक्षिण पूर्व और पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी में आगे बढञ सकता है। मॉनसून 1 जून को केरल में दस्तक देता है। इस बार भी सामान्य समय पर इसके दस्तक देने की संभावना है।
भट्टी की तरह तप रहे देश के ये शहर
उत्तर और मध्य भारत के कई राज्य इस समय भट्टी की तरह तप रहे हैं। उत्तर प्रदेश के बांदा का अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं महाराष्ट्र के ब्रह्मपुरी का तापमानन 47.6 डिग्री पर पहुंच गया।
कब होगी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 26 से 28 तारीख तक बारिश की संभावना है। इसके अलावा झारखंड और गंगीय पश्चिम बंगाल में 26 से 30 मई तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 26 और 27 तारीख को बिहार के भी कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में 28 और 29 तारीख को बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। 28 और 29 मई को पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में भी मध्यम बारिश की संभावना है। इसके अलावा हवाओं की स्पीड 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटे तक हो सकती है।
उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी से लोग परेशान हैं। मौसम विभाग के मुताबिक 28 मई से यूपी को भी गर्मी से राहत मिल सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 29 मई से बारिश का सिलसिला शुरू हो सकता है। इसके अलावा हवाओं की गति 70 से80 किलोमीट प्रतिघंटे तक हो सकती है। मध्य प्रदेश में भी 29 से 31 तारीख के बीच हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है।
कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम, जानें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन