पालतू कुत्ते ने चला दी बंदूक, ताबड़तोड़ करने लगा फायरिंग; हैरतअंगेज हादसे में एक महिला घायल
पुलिस के मुताबिक पिकअप ट्रक का मालिक अपनी गाड़ी को गैस स्टेशन पर खड़ा करके पास की दुकान से कुछ सामान लेने गया था। उसने ट्रक के अंदर अपने पालतू कुत्ते और एक दूसरे पैसेंजर को छोड़ दिया था।

पालतू कुत्ते से अपना हल्का फुल्का काम कराते आपने कई लोगों को देखा होगा। फिर चाहे सीढ़ी से उतर कर कोई सामान लाना हो, या बच्चों के पालने को झुलाना। लोग अक्सर अपने पालतू कुत्ते पर बहुत विश्वास भी करते हैं। लेकिन हाल ही में अमेरिका से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसके बाद कोई भी कुत्ता पालने के नाम से घबरा सकता है। मामला अमेरिका के नेब्रास्का का है। यहां एक गैस स्टेशन पर खड़ी पिकअप ट्रक के भीतर एक पालतू कुत्ते ने शॉटगन चला दी। बंदूक से निकली गोली सीधे जाकर पास के ट्रैफिक सिग्नल पर खड़ी एक महिला को लग गई और वह जख्मी हो गई।
न्यूयॉर्क पोस्ट की एक रिपोर्ट के मुताबिक यह घटना नेब्रास्का के स्कॉट्सब्लफ में शनिवार को हुई। यहां के एक जाने माने गैस स्टेशन के पास हुए इस हादसे की पुष्टि स्थानीय पुलिस ने भी की है। पुलिस के मुताबिक पिकअप ट्रक का मालिक अपनी गाड़ी को गैस स्टेशन पर खड़ा करके पास के स्टोर में कुछ सामान लेने गया था। उसने ट्रक के अंदर अपने पालतू कुत्ते और एक दूसरे पैसेंजर को छोड़ दिया था। तभी अचानक यह हादसा हुआ।
कुत्ते ने कैसे चला दी बंदूक?
मालिक के स्टोर के भीतर जाते ही ट्रक की पिछली सीट पर मौजूद कुत्ता अचानक उछल-कूद करने लगा। पिछली सीट पर पैर मारते और सूंघते हुए कुत्ते के हाथ वहां रखी एक लोडेड शॉटगन लग गई। उछल-कूद के दौरान कुत्ते का पंजा बंदूक के ट्रिगर पर इस तरह पड़ा कि बंदूक से एक के बाद एक कई गोलियां निकलने लगीं। गोलियां गाड़ी के दरवाजे को चीरती हुई बाहर निकल गईं।
ट्रक से थोड़ी दूर खड़े शख्स ने जब यह मंजर देखा, तो उसे अपनी आंखों पर यकीन नहीं हुआ। वह सोच में पड़ गया कि एक कुत्ता बंदूक से कैसे ताबड़तोड़ फायरिंग कर रहा है। वहीं वहां सिग्नल पर हरी बत्ती होने का इंतजार कर रही एक महिला के हाथ में गोली लग गई। घायल महिला को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों और पुलिस का कहना है कि महिला की जान को कोई खतरा नहीं है।
पुलिस को भी नहीं हुआ यकीन
पुलिस को जब इस घटना की सूचना मिली, तो उन्हें लगा कि किसी ने नकली बंदूक चलाई है। लेकिन जब पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, तो ट्रक के अंदर से धुआं निकल रहा था और वहां एक कुत्ता और असली शॉटगन मिला। अब पुलिस मालिक पर शिकंजा कस सकती है। जानकारी के मुताबिक यहां के कानून के मुताबिक किसी भी गाड़ी के अंदर लोडेड शॉटगन लेकर सफर करना पूरी तरह प्रतिबंधित है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन