उत्तराखंड में बच्चा चोरी के शक में महिला से बेरहमी, पुलिस के सामने पोल से बांधकर लात-घूसें बरसाए
उत्तराखंड के रुद्रपुर में पुलिस के सामने ही महिला से बेरहमी की गई। बच्चा चोरी के शक में लोगों ने महिला को पोल से बांधा और लात-घूसों से जमकर पीटा। पुलिस किसी तरह महिला को बचाकर थाने ले आई।

उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर शहर में बच्चा चोरी के शक में एक महिला से बेरहमी का मामला सामने आया है। आरोप है कि लोगों ने महिला को पकड़कर बिजली के पोल से बांध दिया और उसकी पिटाई कर दी। घटना का वीडियो भी आसपास मौजूद लोगों ने बनाया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह भीड़ को शांत कराया और महिला को छुड़ाकर थाने ले गई। पूछताछ के दौरान महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात सामने आने पर पुलिस ने उसे छोड़ दिया।
घटना ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के ठाकुर नगर की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक रविवार सुबह करीब 11 बजे ठाकुर नगर के मैदान में कुछ बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान एक महिला वहां पहुंची और बच्चों को अपने साथ चलने के लिए कहने लगी। यह देखकर वहां मौजूद बच्चों के माता-पिता और आसपास के लोग सतर्क हो गए। लोगों को महिला की हरकत संदिग्ध लगी और उन्होंने उस पर बच्चा चोरी का शक जताया।
महिला को पोल से बांधा और जमकर पीटा
कुछ ही देर में मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। भीड़ ने महिला को पकड़ लिया और उसे बिजली के पोल से बांध दिया। इसके बाद कई लोगों ने उसे थप्पड़ और लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। घटना के दौरान वहां हंगामे की स्थिति बन गई। बताया जा रहा है कि कुछ स्थानीय महिलाएं भी आक्रोश में आ गईं और उन्होंने भी महिला के साथ मारपीट की।
पूछताछ में महिला असामान्य नजर आई
घटना की सूचना मिलने पर ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसएसआई महेश कांडपाल पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और वहां मौजूद लोगों से पूरे मामले की जानकारी ली। इस दौरान भी कुछ महिलाएं पुलिस के सामने ही महिला को थप्पड़ मारती रहीं। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह लोगों को समझाकर शांत कराया और महिला को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया।
इसके बाद पुलिस महिला को थाने ले आई और उससे पूछताछ की। पूछताछ के दौरान महिला की हरकतें असामान्य लगीं। बताया गया कि वह खुद से ही बातें कर रही थी और सवालों का स्पष्ट जवाब नहीं दे पा रही थी।
सीओ सिटी प्रशांत कुमार ने बताया कि महिला की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं लग रही थी। उन्होंने बताया कि यह महिला पहले भी थाने में हंगामा कर चुकी है। एक बार वह थाने में दीवार पर सिर मारने लगी थी, जिसके चलते पुलिस को काफी परेशानी उठानी पड़ी थी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, महिला की मानसिक स्थिति को देखते हुए उसे फिलहाल छोड़ दिया गया है। साथ ही उसके बारे में और जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह कहां की रहने वाली है और किन परिस्थितियों में वहां पहुंची थी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन