उत्तराखंड में पश्चिम विक्षोभ से बदलेगा मौसम, नए साल पर इन इलाकों में बारिश और बर्फबारी के आसार
उत्तराखंड में नए साल पर पश्चिम विक्षोभ का असर देखा जा रहा है। मौसम विभाग ने कुछ जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। नया साल मनाने आ रहे सैलानियों को हिमपात देखने को मिल सकता है।

Western Disturbance: नए साल पर उत्तराखंड आने वाले पर्यटकों को पर्वतीय क्षेत्रों में हिमपात का खूबसूरत नजारा देखने को मिल सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश के मौसम में बदलाव के संकेत हैं, जिसके चलते कई जिलों में हल्की बारिश और बर्फबारी का अनुमान जताया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर जिलों में 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्का हिमपात हो सकता है। बर्फबारी की स्थिति में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में ठंड का असर और तेज होने की संभावना है।
बारिश और बर्फबारी की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के वैज्ञानिक रोहित थपलियाल ने बताया कि एक जनवरी को भी पर्वतीय जिलों के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और हिमपात हो सकता है। वहीं दो जनवरी को बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां कुछ हद तक कमजोर पड़ सकती हैं, लेकिन उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ और बागेश्वर के 3000 मीटर से ऊपर के क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी और बारिश की संभावना बनी रहेगी।

इन इलाकों में घना कोहरा
इस दौरान मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। मौसम में बदलाव के कारण हरिद्वार और उधमसिंह नगर जिलों के कुछ क्षेत्रों में शीतलहर जैसी स्थिति भी बन सकती है।
तापमान गिरेगा
मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश के अधिकतर जिलों में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। फिलहाल न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है, लेकिन आने वाले 2 से 3 दिनों में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना जताई गई है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन