कोहरा और कड़ाके की ठंड से बेहाल उत्तराखंड, कोल्ड डे का येलो अलर्ट जारी
Uttarakhand IMD Weather: उत्तराखंड में मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक मौसम शुष्क रहने की संभावना है, शीत दिवस की स्थिति को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। फिलहाल बारिश या बर्फबारी की संभावना नहीं है।

Uttarakhand IMD Weather: उत्तराखंड में फिलहाल बारिश-बर्फबारी के आसार नहीं हैं, लेकिन कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक पूरे राज्य में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। मैदानी इलाकों में कोहरे और कोल्ड-डे यानि शीत दिवस की स्थिति को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के मुताबिक राज्य के हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जनपदों में भारी कोहरा छाए रहने की आशंका है। नैनीताल, चंपावत, पौड़ी और देहरादून के मैदानी क्षेत्रों में भी कहीं-कहीं घना कोहरा दृश्यता (विजिबिलिटी) को प्रभावित कर सकता है। इन इलाकों में सुबह और रात के समय आवाजाही में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने बताया कि मैदानी क्षेत्रों में केवल कोहरा ही नहीं, बल्कि शीत दिवस की स्थिति भी बनी रहेगी। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर समेत अन्य मैदानी हिस्सों में धूप नहीं खिलने और ठंडी हवाओं के कारण दिन के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे ठिठुरन बढ़ेगी।
मसूरी में बदला मौसम का मिजाज ठंड बढ़ी
मसूरी में सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला रहा। सुबह के समय खिली हल्की धूप के बाद दोपहर में आसमान में बादल छा गए। शहर में ठंडी हवाएं चलनी शुरू हो गई जिससे ठंड बढ़ गई। चंडीगढ़ से मसूरी घूमने पहुंचीं हरि प्रीत कौर ने बताया कि मसूरी में मौसम काफी ठंडा हो गया है जिससे उन्हें गर्म कपड़ों की खरीदारी करनी पड़ रही है। यहां के मौसम और दून घाटी के ऊपर पड़ने वाली विंटर लाइन के शानदार नजारे को देखकर काफी उत्साहित हैं। मसूरी में अधिकतम तापमान 8 और न्यूनतम 3 डिग्री सेल्सियस रहा।

बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन, चार डिग्री गिरा पारा
राजधानी देहरादून में मौसम के मिजाज में आए अचानक बदलाव से ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के बाद वहां से आ रही ठंडी हवाओं ने दून के तापमान को नीचे चला गया है। पिछले 24 घंटों के भीतर अधिकतम तापमान में करीब चार डिग्री सेल्सियस की भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे दिन में भी लोगों को स्वेटर और जैकेट का सहारा लेना पड़ रहा है। शनिवार को दिनभर आसमान साफ रहने और धूप खिलने के बावजूद ठंडी हवाओं के कारण धूप बेअसर साबित हुई। दून का अधिकतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम है। वहीं, शुक्रवार को पारा 21.3 डिग्री सेल्सियस पर था।
जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर चार उड़ानें देरी से पहुंचीं
घने कोहरे की वजह से हवाई सेवाएं भी प्रभावित रहीं। शनिवार को जौलीग्रांट हवाई अड्डे पर उड़ानों की समय-सारणी लड़खड़ा गई। देश के चार प्रमुख शहरों से आने वाली चार उड़ानें अपने निर्धारित समय से देरी से पहुंचीं। शनिवार सुबह 7:55 बजे अहमदाबाद से आने वाली इंडिगो की उड़ान दो घंटे पांच मिनट की देरी से सुबह 10 बजे जौलीग्रांट पहुंची। भुवनेश्वर से सुबह 8:25 बजे आने वाली इंडिगो की उड़ान चार घंटे, जयपुर से सुबह 9:45 बजे आने वाली इंडिगो की उड़ान करीब एक घंटा 15 मिनट की देरी से पहुंची।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन