उत्तराखंड में सर्द हवाओं का सितम, पारा रिकॉर्ड स्तर पर लुढका; आज से बारिश-बर्फबारी
Weather 30 Dec: उत्तराखंड में सर्द हवाओं का सितम जारी है। देहरादून में पारा रिकॉर्ड स्तर पर लुढका। घुप कोहरे से विजिबिलिटी काफी कम है। मौसम विभाग ने आज से बारिश-बर्फबारी की भविष्यवाणी की है।

Weather 30 Dec: उत्तराखंड में आज से पांच पर्वतीय जिलों में बारिश और बर्फबारी का सिलसिला शुरू होगा। मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश, बर्फबारी का अनुमान लगाया है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक हरिद्वार, उधमसिंहनगर, नैनीताल, चंपावत, देहरादून और पौड़ी जिलों के मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं पर घना कोहरा छाए रहने का येलो अलर्ट भी जारी किया है। हरिद्वार, उधमसिंहनगर में कहीं-कहीं शीत दिवस का येलो अलर्ट किया गया है। दून में मंगलवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे।
देहरादून में सोमवार को अधिकतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। दिन में सर्द हवाएं चलीं। सुबह के समय शहर के अधिकांश हिस्से कोहरे में डूबे हुए थे। अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम 17.4 और न्यूनतम सामान्य से एक डिग्री अधिक 7.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
एडवाइजरी: यात्रा के दौरान विशेष एहतियात बरतें
मौसम विभाग ने खराब मौसम के मद्देनजर पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसके अनुसार कम दृश्यता, सर्द हवाएं, ठंड में इजाफा और सामान्य जनजीवन, यातायात पर प्रभाव पड़ने का अंदेशा जताया गया है। यात्रियों से यात्रा के दौरान विशेष एहतियात बरतने को कहा गया है।

हरिद्वार में स्कूलों की छुट्टी घोषित
धर्मनगरी हरिद्वार में सोमवार को भी सर्दी-कोहरे का प्रकोप जारी रहा। दिन में धूप नहीं निकली। साथ ही कोहरा और बादल छाए रहे। अधिकतम पारा 12 डिग्री सेल्सियस पर बना रहा। शहर में पड़ रही सूखी ठंड ने लोगों को परेशान कर दिया है। बढ़ती ठंड के बीच डीएम मयूर दीक्षित ने सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में मंगलवार की छुट्टी घोषित की। आईआईटी कृषि मौसम वेधशाला के आंकड़ों के अनुसार, धर्मनगरी में सोमवार को अधिकतम पारा 12.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। दिन में सर्द हवाएं चलने से कंपकपी बनी रही। सुबह के समय कोहरे और भीषण ठंड के बीच लोगों को सड़कों पर आवाजाही में दिक्कतें उठानी पड़ी। शाम के समय ठिठुरन और बढ़ गई। इधर, मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में धर्मनगरी में कोहरा छाया रहेगा।
सरकारी अस्पतालों में उमड़ी मरीजों की भीड़
हरिद्वार। ठंड में सड़कों पर सन्नाटा है, लेकिन सरकारी अस्पतालों में मरीजों की भीड़ बढ़ रही है। रविवार की छुट्टी के बाद सोमवार को मेला अस्पताल में सुबह से ओपीडी के बाहर कतारें लग गईं। सर्दी, खांसी, जुकाम, बुखार से पीड़ित मरीजों की संख्या में वृद्धि हुई।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन