उत्तराखंड में आज कोल्ड डे की चेतावनी, 6 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट; राहत कब से
Weather 14 Jan: उत्तराखंड में आज कोल्ड डे की स्थिति बनी रह सकती है। मौसम विभाग ने 6 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। हालांकि 17 और 18 जनवरी को बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

Weather 14 Jan: मौसम विभाग ने 17 और 18 जनवरी को उत्तराखंड के तीन पर्वतीय जिलों उत्तरकाशी , चमोली और रुद्रप्रयाग में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिलों में कोल्ड डे (शीत दिवस) की स्थिति रह सकती है। साथ ही राज्य के छह जिलों के मैदानी इलाकों में घने कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने बताया कि बुधवार को राज्य के सभी जनपदों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर के साथ-साथ नैनीताल, चंपावत, पौड़ी और देहरादून के मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं घना कोहरा छाने के आसार हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में पाला पड़ने की चेतावनी दी गई है, जिससे ठंड बढ़ेगी और फसलों को नुकसान की आशंका है।
देहरादून में मौसम
राजधानी दून में मंगलवार को मौसम के बदले मिजाज ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। सुबह के वक्त हल्की धूप खिली, लेकिन दोपहर होते-होते आसमान में बादलों ने डेरा डाल लिया। सर्द हवाओं के चलते दिन के तापमान में करीब दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
सोमवार को चटक धूप के चलते अधिकतम तापमान सामान्य से 2.6 डिग्री ज्यादा 21.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। इससे लोगों को ठंड से काफी राहत मिली थी। मंगलवार को मौसम ने करवट ली और अधिकतम तापमान लुढ़ककर 19.8 डिग्री सेल्सियस पर आ गया।
वहीं, न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दोपहर बाद आसमान में बादल छाने और ठंडी हवाएं चलने से गलन बढ़ गई। अचानक बढ़ी सर्दी के चलते लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए। शाम होते ही ठंड का असर और तीखा हो गया, जिससे लोग जल्दी घरों में दुबक गए। सड़कों और बाजारों में भी शाम के समय आम दिनों की अपेक्षा भीड़ कम नजर आई।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन