बारिश और बिजली गिरने के अलर्ट के बीच IMD की गुड न्यूज, उत्तराखंड में इस दिन से साफ मौसम
Uttarakhand Weather Updates: उत्तराखंड में मौसम का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। 14 मई तक तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट है। 15 मई के बाद मैदानों में गर्मी बढ़ेगी, लेकिन पहाड़ों पर बारिश जारी रहेगी।

Uttarakhand Weather Updates: उत्तराखंड में अगले कुछ दिन मौसम के लिहाज से उतार-चढ़ाव भरे रहने वाले हैं। 13 और 14 मई को जहां पहाड़ से लेकर मैदान तक बारिश, तेज आंधी और आकाशीय बिजली का असर देखने को मिलेगा, वहीं इसके बाद मौसम तेजी से करवट बदलेगा। ऊंचाई वाले जिलों में ओलावृष्टि और बर्फबारी की आशंका के बीच चारधाम यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। दूसरी ओर 15 मई के बाद मैदानी इलाकों में तापमान बढ़ने के साथ गर्मी भी तेज होने लगेगी।
13-14 मई तक बारिश, आंधी और आकाशीय बिजली
उत्तराखंड में 13 मई के बाद मौसम धीरे-धीरे बदलता नजर आएगा। शुरुआती दो दिनों तक पहाड़ से लेकर मैदान तक बारिश, आंधी और बिजली चमकने का असर बना रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार 13 और 14 मई को राज्य के पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज गर्जन, बिजली चमकने और 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है।
चारधाम यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह
उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में मौसम ज्यादा सक्रिय रहने की संभावना जताई गई है। यहां कुछ इलाकों में ओलावृष्टि और बारिश के तीव्र दौर देखने को मिल सकते हैं। मौसम विभाग ने संवेदनशील इलाकों में हल्के भूस्खलन, चट्टान गिरने और सड़क बाधित होने की आशंका जताई है। चारधाम यात्रा पर जाने वाले यात्रियों और पर्वतीय क्षेत्रों में घूमने वाले पर्यटकों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
15 मई से मैदानों में गर्मी, पहाड़ों में हल्की बारिश
14 मई के बाद मौसम का असर धीरे-धीरे कम होने लगेगा। पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और गर्जन की स्थिति बनी रह सकती है, लेकिन मैदानी इलाकों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने लगेगा। 15 मई से राज्य के अधिकांश मैदानी जिलों में मौसम साफ रहने की संभावना है, जबकि ऊंचाई वाले कुछ पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार बने रहेंगे।
18 मई तक पूरे प्रदेश में साफ मौसम
16 और 17 मई को भी उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। हालांकि राज्य के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इसके बाद 18 मई तक पूरे उत्तराखंड में मौसम पूरी तरह साफ रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन से चार दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इससे मैदानी इलाकों में गर्मी धीरे-धीरे बढ़ने लगेगी।
अभी नहीं भरे पिछले वर्ष की आपदा के जख्म
पिछले वर्ष 29 अगस्त को रुद्रप्रयाग जिले के बसुकेदार क्षेत्र, विशेषकर छेनागाड़ में आई भीषण आपदा को एक साल बीतने वाला है, लेकिन उस आपदा के प्रभावितों के जख्म आज भी हरे हैं। मानसून की आहट फिर से दरवाजे पर है, मगर शासन-प्रशासन के तमाम दावों के बावजूद आपदा प्रभावित क्षेत्रों की समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। नौ लोगों की जान लेने वाली उस काली रात के बाद किए गए वादे आज भी कागजों तक ही सीमित हैं।
सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहे आपदा प्रभावित
आपदा के तत्काल बाद सरकार ने प्रभावितों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया था। मृतकों के परिजनों को तो पांच-पांच लाख रुपये का मुआवजा मिल गया, लेकिन अपनी जमा-पूंजी खो चुके व्यापारियों और भवन स्वामियों के हाथ आज भी खाली हैं। मुख्यमंत्री और जन प्रतिनिधियों ने 2013 की केदारनाथ आपदा की तर्ज पर मुआवजे का वादा किया था, लेकिन 16 भवन स्वामी और 22 दुकानदार आज भी सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन