बेटियों को शेफ की पढ़ाई के लिए स्कॉलरशिप देगी उत्तराखंड सरकार, विदेश भेजने की योजना
उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार बेटियों को शेफ की पढ़ाई के लिए स्कॉलरशिप देगी। सरकार की योजना बेटियों को विदेश भेजने की है। सीएम धामी ने श्रीअन्न आधारित ‘शेफ संवाद’ कार्यक्रम के दौरान वर्चुअल माध्यम से यह बात कही।

उत्तराखंड सरकार बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाने जा रही है। राज्य की बेटियों को अब शेफ की पढ़ाई (होटल मैनेजमेंट) के लिए स्कॉलरशिप और फेलोशिप दी जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को यह घोषणा एक निजी विश्वविद्यालय में आयोजित श्रीअन्न आधारित ‘शेफ संवाद’ कार्यक्रम के दौरान वर्चुअल माध्यम से की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियों को होटल मैनेजमेंट, कुकरी आर्ट्स और शेफ से जुड़ी पढ़ाई के लिए आर्थिक सहयोग दिया जाएगा, ताकि वे इस क्षेत्र में प्रोफेशनल प्रशिक्षण लेकर देश-विदेश में अपनी पहचान बना सकें। इसके लिए पर्यटन विभाग और कौशल विकास विभाग के साथ मिलकर जल्द ही एक कार्य योजना (एक्शन प्लान) तैयार की जाएगी।
पारंपरिक व्यंजनों को लोकल से ग्लोबल बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री धामी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तराखंड के पारंपरिक व्यंजन राज्य की सांस्कृतिक पहचान हैं और इन्हें लोकल से ग्लोबल बनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि मिलेट्स (श्रीअन्न) आधारित व्यंजन आज पूरी दुनिया में लोकप्रिय हो रहे हैं और उत्तराखंड के युवा शेफ इस क्षेत्र में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान युवा शेफ और छात्र-छात्राओं ने मुख्यमंत्री से पारंपरिक व्यंजनों के प्रचार-प्रसार, गुणवत्ता मानकों, रोजगार के अवसर और करियर की संभावनाओं को लेकर सवाल पूछे। मुख्यमंत्री ने सभी सवालों के जवाब देते हुए सरकार की योजनाओं और भविष्य की रणनीति की जानकारी दी।
पर्यटन और स्किल डेवलपमेंट की ट्रेनिंग, विदेश भेजने की योजना
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार छात्राओं को केवल शेफ की पढ़ाई तक सीमित नहीं रखेगी, बल्कि उन्हें पर्यटन और कौशल विकास से जुड़ी विशेष ट्रेनिंग भी दी जाएगी। योग्य छात्राओं को विदेश में प्रशिक्षण और एक्सपोजर के अवसर भी उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा कर सकें। उन्होंने कहा कि इससे न केवल बेटियों को रोजगार मिलेगा, बल्कि राज्य के पर्यटन और होटल इंडस्ट्री को भी मजबूती मिलेगी।
‘उत्तराखंड का युवा अब नौकरी देने वाला बन रहा है’
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड का युवा अब सिर्फ नौकरी मांगने वाला नहीं रहा, बल्कि नौकरी देने वाला बन रहा है। सरकार स्टार्टअप, स्किल डेवलपमेंट और उद्यमिता को बढ़ावा दे रही है, ताकि युवा अपने हुनर के बल पर स्वरोजगार शुरू कर सकें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार युवाओं और बेटियों के सपनों को साकार करने के लिए हर संभव सहयोग देगी और उत्तराखंड को कौशल, पर्यटन और फूड इंडस्ट्री के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन