स्टार्टअप इंडिया रैंकिंग में उत्तराखंड को लीडर का दर्जा, केंद्र ने सराहा
Startup India Ranking: स्टार्टअप इंडिया रैंकिंग में उत्तराखंड ने सभी को पछाड़ते हुए लीडर का दर्जा हासिल किया है। वाणिज्य मंत्रालय की तरफ से राज्य को प्रमाण पत्र दिया गया। केंद्र ने उत्तराखंड सरकार की योजनाओं को सराहा।

Startup India Ranking: केंद्र सरकार ने स्टार्टअप इंडिया रैंकिंग में उत्तराखंड को लीडर का दर्जा प्रदान किया है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने इसके लिए राज्य को प्रमाणपत्र प्रदान किया है। इस मौके पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने खुशी जताते हुए कहा कि हमारी सरकार की स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए अनुकूल नीतियों का यह परिणाम है।
केंद्रीय उद्योग संवर्धन एवं आंतरिक व्यापार विभाग ने स्टेट स्टार्टअप इकोसिस्टम रैकिंग जारी की है। इसमें राज्य को लीडर के रूप में मान्यता प्रदान की गई है। इस उपलब्धि के लिए राष्ट्रीय स्टार्टअप दिवस के अवसर पर शुक्रवार को राज्य के उद्योग विभाग को प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। उद्योग विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस प्रमाण पत्र से साफ है कि राज्य स्टार्टअप नीति के जरिए नवाचार, उद्यमिता, निवेश प्रोत्साहन और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने में कामयाब रहा है।
राज्य के लिए गर्व का क्षण- धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह सम्मान राज्य के लिए गर्व का विषय है। हमारी सरकार ने स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए अनुकूल नीतियां, सरल प्रक्रियाएं और मजबूत इकोसिस्टम तैयार किया है। राज्य के युवाओं में नवाचार की अद्भुत क्षमता है और सरकार हर स्तर पर सहयोग कर रही है।
उत्तराखंड में 200 के पार पहुंचे स्टार्टअप
प्रदेश में स्टार्टअप की संख्या 200 को पार कर गई है। उद्योग विभाग के आंकड़ों के अनुसार राज्य में 200 रजिस्टर्ड स्टार्टअप हैं जिन्होंने अलग अलग क्षेत्र में नवाचार के जरिए अपने स्टार्टअप को तैयार किया है। सरकार की ओर से नई स्टार्टअप नीति भी लागू की गई है। जिसमें युवाओं का रुझान स्टार्टअप की ओर बढ़ाने के लिए कौशल विकास से लेकर कई अन्य तरह के सहयोग भी प्रदान किए जा रहे हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन