उत्तराखंड में बर्फबारी; 3 जिलों में स्कूल बंद, येलो और ऑरेंज अलर्ट
उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने कई हिस्सों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। सरकार ने सभी जिलों को विशेष सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मंगलवार को जोरदार बर्फबारी हुई। उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों के भीतर यह दूसरी बार हिमपात हुआ है। चमोली जिले के बद्रीनाथ और रुद्रप्रयाग जिले के केदारनाथ और आसपास की चोटियों पर सोमवार रात से रुक-रुक कर हिमपात जारी है। हिमपात और खराब मौसम को देखते हुए कुमाऊं मंडल के 3 जिलों में बुधवार को सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के आदेश दिए गए हैं।
हिमपात की चेतावनी
मौसम विभाग ने बुधवार 28 जनवरी को कुमाऊं मंडल में हिमपात और भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। खराब मौसम की चेतावनी को देखते हुए पिथौरागढ़, अल्मोड़ा और ऊधमसिंह नगर जिला प्रशासन की ओर से अलग आदेश जारी कर सभी सरकारी, निजी विद्यालयों के साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद करने का आदेश जारी किया गया है।
इन जिलों में स्कूल बंद
यूनीवार्ता की रिपोर्ट के मुताबिक, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा और ऊधमसिंह नगर तीनों जिलाधिकारियों की ओर से जारी आदेश में कक्षा 12 तक के सभी शासकीय, अशासकीय और निजी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सभी स्कूलों को आदेश का सख्ती से पालन के निर्देश दिए गए हैं। आदेश का पालन नहीं करने पर आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने 27 जनवरी की रात को उत्तरकाशी, देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में अलग-अलग हिस्सों पर भारी बारिश या बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल, हरिद्वार, नैनीताल, अल्मोड़ा, चंपावत और उधम सिंह नगर जिलों में कुछ जगहों पर ओले गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड वाली हवाएं चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
28 जनवरी को भी येलो अलर्ट
यही नहीं उत्तराखंड में 28 जनवरी शाम 5 बजे तक विभिन्न ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और हिमस्खलन की संभावना है। नैनीताल, चंपावत और उधम सिंह नगर जिलों में कुछ जगहों पर बिजली कड़कने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड के साथ हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम के तीखे तेवर को देखते हुए उत्तराखंड सरकार ने सभी जिलों को सर्तक रहने के निर्देश दिए हैं। उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग में विशेष सतर्कता के निर्देश हैं।
(पीटीआई-भाषा, यूनीवार्ता के इनपुट के साथ)
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन