उत्तराखंड में भारी बर्फबारी की चेतावनी, किन जिलों में येलो और कहां ऑरेंज अलर्ट?
Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण 2 दिन भारी बारिश और बर्फबारी का अनुमान है। मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, चमोली और नैनीताल जैसे जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।

Uttarakhand Weather: उत्तराखंड के मौसम में बड़ा बदलाव आने वाला है। एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी और बारिश की संभावना है। इस दौरान तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी जारी की गई है। उत्तराखंड में तो दो दिन 27 और 28 जनवरी को मौसम खराब रह सकता है। पहाड़ों पर होने वाली बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों पर भी दिखेगा। गलन के कारण ठंड के और बढ़ने का अनुमान है।
इन जिलों में भारी बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने 27 जनवरी को उत्तरकाशी, देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश या बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तूफानी हवाएं भी चलेंगी।
50 की स्पीड से चलेंगी तेज हवाएं
27 जनवरी को ही देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल, हरिद्वार, नैनीताल, अल्मोड़ा, चंपावत और उधम सिंह नगर जिलों में कुछ जगहों पर वज्रपात के साथ ओले गिरने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे के साथ आंधी-तूफान आने की चेतावनी भी जारी की गई है।
इन जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने 27 जनवरी को ही उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ जगहों पर बिजली कड़कने और तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में हवा की स्पीड 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक देखी जा सकती है।
28 जनवरी को इन जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने 28 जनवरी को भी राज्य के कई जिलों में मौसम खराब रहने का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दिन नैनीताल, चंपावत और उधम सिंह नगर जिलों में कुछ जगहों पर बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान हवा की स्पीड 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक देखी जा सकती है। कुमाऊं क्षेत्र के जिलों में भी कुछ जगहों पर बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
31 जनवरी तक इन जगहों पर मौसम रहेगा खराब
मौसम विभाग ने 29, 30 जनवरी को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में 2800 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाली कुछ जगहों पर हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई है। वहीं 31 जनवरी को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में 2800 मीटर और उससे ज्यादा ऊंचाई वाली कुछ जगहों पर हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई है।

अधिकारियों को निर्देश
मौसम के बेहद खराब होने की चेतावनी के बीच राज्य सरकार के अधिकारियों को सलाह दी है कि वे बर्फ हटाने वाली मशीनरी लगाने के लिए समय पर कार्रवाई करें। लोगों को सलाह दी गई है कि वे पहाड़ों में बिजली गुल होने और ठंड की स्थिति से निपटने के लिए पावर बैकअप का इंतजाम कर लें। पर्यटकों को फिसलन वाली जगहों पर सावधानी से आवाजाही करने को कहा गया है। हिमस्खलन की आशंका वाले इलाकों के पास की इमारतों और बस्तियों को सावधान रहने की सलाह भी दी गई है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन