चीन सीमा के पास उत्तराखंड CM धामी, पुराने साथियों संग पी गुड़ वाली चाय; टी स्टॉल पर ही बड़ी घोषणा
उत्तराखंड सीएम पुष्कर सिंह धामी ने चीन सीमा के पास स्थानीय और आईटीबीपी जवानों संग गुड़ वाली चाय पी। टी स्टॉल पर ही बड़ी घोषणा की।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज प्रातःकाल अपने कुमाऊं दौरे के तीसरे दिन सीमांत क्षेत्र मुनस्यारी का दौरा किया। यहां उन्होंने आईटीबीपी के जवानों और स्थानीय लोगों के साथ चाय की चुस्कियां लेते हुए उनके कुशलक्षेम का पता लगाया। उन्होंने स्थानीय जनता से सीधे संवाद कर विकासपरक और जनकल्याणकारी योजनाओं पर प्रतिक्रिया प्राप्त की।
मुनस्यारी में हीरा टी स्टॉल पर पहुंचे बैडमिंटन खिलाड़ी कृष्ण कुमार आर्या ने सीएम धामी से क्षेत्र के युवाओं के लिए एक इंडोर बैडमिंटन हॉल बनाने की मांग की। सीएम ने तत्परता दिखाते हुए उसी जगह इस इंडोर हॉल के निर्माण की घोषणा की, जिसे स्थानीय लोगों ने खुशी-खुशी स्वीकार किया।
आईटीबीपी जवानों संग मुलाकात
इसके बाद सीएम धामी पिथौरागढ़ जिले के दुर्गम सीमांत गांव मिलम पहुंचे, जहां उन्होंने फिर से ITBP जवानों और ग्रामीणों से मुलाकात की। यहां उन्होंने जवानों की देशभक्ति और समर्पण की सराहना की। साथ ही ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विकास योजनाओं की जानकारी दी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत सीमांत गांवों को बुनियादी सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिल रहा है और वे आत्मनिर्भर बन रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विकास की इस प्रक्रिया को तेज करने का भरोसा दिलाया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन