Two Villages in Uttarakhand to Be Freed from Isolation 21 Crore Worth kathgodam amritpur Bypass Project Begins कालापानी की ‘सजा’ से आजाद होंगे उत्तराखंड के ये गांव, दशकों पुराना इंतजार अब खत्म, Uttarakhand Hindi News - Hindustan
More

कालापानी की ‘सजा’ से आजाद होंगे उत्तराखंड के ये गांव, दशकों पुराना इंतजार अब खत्म

उत्तराखंड में हल्द्वानी से सटे दो गांवों कालापानी की सजा से आजाद होंगे। मानसून के वक्त वर्षों से ये गांव दुनिया से कट जाते थे। अब यहां 21 करोड़ की लागत वाले बाइपास प्रोजेक्ट का काम शुरू हो गया है।

Wed, 10 June 2026 09:37 AMGaurav Kala लाइव हिन्दुस्तान, हल्द्वानी
share
कालापानी की ‘सजा’ से आजाद होंगे उत्तराखंड के ये गांव, दशकों पुराना इंतजार अब खत्म

उत्तराखंड के हल्द्वानी में दानीजाला और सिमलखेत गांव में खुशी की लहर है। आखिर हो भी क्यों न, मानसून में अलग-थलग पड़ने वाले ये गांव सड़क से कालापानी की सजा से आजाद हो जाएंगे। सरकार ने यहां काठगोदाम -अमृतपुर बाईपास का काम शुरू करने ऐलान किया है। इस बाईपास से न सिर्फ इस ग्रामवासियों बल्कि नैनीताल, भीमताल, भवाली, कैंची धाम रूट के लाखों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

लोक निर्माण विभाग ने काठगोदाम-अमृतपुर टू-लेन बाईपास निर्माण का कार्य शुरू कर दिया है। 3.5 किलोमीटर लंबे बाईपास का निर्माण पहले चरण में 21 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। इसे एक साल में तैयार करने का लक्ष्य है। वर्तमान में हल्द्वानी से नैनीताल, भीमताल, भवाली समेत पर्वतीय क्षेत्रों को जाने के लिए एक ही सड़क है। इस कारण काठगोदाम, रानीबाग और गुलाबघाटी में यातायात का दबाव रहता है। अब काठगोदाम गौला पुल से अमृतपुर तक बाईपास बनने से पहाड़ के लिए एक और वैकल्पिक मार्ग मिलेगा। पर्यटन सीजन व वीकेंड में काठगोदाम, रानीबाग और गुलाबघाटी में जाम से राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पांच जून को परियोजना का शिलान्यास किया था। इसके बाद कार्यदायी संस्था ने निर्माण शुरू कर दिया है। काठगोदाम गौला पुल की तरफ से पहाड़ी कटान का कार्य तेजी से चल रहा है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:उत्तराखंड में 40 डिग्री पारे के बीच गुड न्यूज, IMD ने बताया- आज कहां-कहां बारिश

हल्द्वानी को भी मिलेगी राहत

अपर सहायक अभियंता कमल पाठक ने बताया कि प्रोजेक्ट में पहाड़ी कटान, रिटेनिंग वॉल, सुरक्षा दीवारों और पुल का निर्माण शामिल है। यह क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी। इससे हल्द्वानी शहर के भीतर नैनीताल रोड पर वाहनों का दबाव कम होगा।

ट्रॉली खींचने के झंझट से मिलेगा छुटकारा: थापा

हल्द्वानी शहर के समीप पहाड़ी क्षेत्र में स्थित दानीजाला गांव सड़क से नहीं जुड़ा है। गांव में 76 लोग रहते हैं। पूर्व प्रधान जीवन सिंह थापा ने बताया कि गांव के ठीक सामने नैनीताल हाईवे है, लेकिन गौला नदी पर पुल नहीं से ग्रामीण अलग-थलग पड़े थे। मानसून में ट्रॉली के सहारे गौला पार करनी पड़ती है। बच्चे भी इसी ट्रॉली से स्कूल जाते हैं। अब गांव से होकर बाईपास गुजरेगा, इससे खुशी का माहौल है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पहाड़ों पर नहीं भटकेंगे ट्रेकर्स, उत्तराखंड में 100 रूट्स की होगी GPS मैपिंग

अमृतपुर में बनेगा पुल

लोनिवि के अधिशासी अभियंता कृष्ण कुमार ने बताया कि दोनों चरणों का कार्य शुरू कर दिया गया है। अमृतपुर के पास भीमताल रोड से जोड़ने के लिए गौला नदी पर 75 मीटर स्पान का पुल बनना है। इसकी टेंडर प्रक्रिया चल रही है। विभाग की प्राथमिकता तय समय में गुणवत्तापूर्ण कार्य करना है।

पर्यटन और रोजगार के रास्ते खुलेंगे: गोस्वामी

सिमलखेत गांव होकर भी बाईपास गुजरेगा। काश्तकार रमेश गोस्वामी ने बताया कि यह क्षेत्र पर्यटन से जुड़ेगा। युवाओं और ग्रामीणों को रोजगार मिलेगा। गांव में लगभग 70 लोग रहते हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने इस सड़क को स्वीकृत कराने के लिए बहुत प्रयास किए हैं। अब काम शुरू कराकर उन्होंने चुनाव में जनता से किया वादा पूरा किया है।

कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने काठगोदाम से दानीजाला-सिमलखेत होते हुए एचएमटी अमृतपुर तक बाईपास के लिए अप्रैल में वित्तीय स्वीकृति प्रदान की थी। इस सड़क पर हल्द्वानी से भीमताल समेत पर्वतीय क्षेत्रों में जाने वाला ट्रैफिक डायवर्ट हो जाएगा। स्थानीय लोगों की मांग को पूरा करने के लिए मैं प्रयासरत रहा। यह परियोजना सड़क से वंचित इस क्षेत्र में पर्यटन और रोजगार के लिए भी मील का पत्थर साबित होगी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:उत्तराखंड में प्रेमिका के सामने दलित युवक की हत्या, सवर्ण से प्यार की खौफनाक सजा

नैनीताल-यूएस नगर सांसद अजय भट्ट ने कहा कि काठगोदाम-अमृतपुर बाईपास के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। परियोजना के दूसरे चरण में 11 करोड़ 79 लाख रुपये की लागत से गौला नदी पर पुल का निर्माण किया जाएगा। इससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी। सांसद भट्ट ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के साथ-साथ विकास को भी नई गति प्रदान करेगी।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।