श्री झंडा जी की नगर परिक्रमा पर देहरादून में कई रूट डायवर्ट, देखें- ट्रैफिक एडवाइजरी
श्री झंडा जी मेले के तहत 10 मार्च को देहरादून शहर में भव्य नगर परिक्रमा निकाली जाएगी। इस मौके पर देहरादून में कई रूट डायवर्ट रहेंगे। देहरादून पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।

श्री गुरु राम राय जी महाराज के जन्मदिवस पर ऐतिहासिक श्री झंडा साहिब का भव्य आरोहण हुआ। इसी के साथ जैसे ही श्री दरबार साहिब के सज्जादे गद्दी नशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास महाराज के संदेश पर आरोहण की प्रक्रिया शुरू हुई, पूरी द्रोणनगरी श्री गुरु महाराज के जयकारों से गूंज उठी। श्री झंडा जी मेले के तहत 10 मार्च को देहरादून शहर में भव्य नगर परिक्रमा निकाली जाएगी। इस दौरान ट्रैफिक पुलिस ने रूट डायवर्जन प्लान जारी कर दिया है। जाम की स्थिति से बचने के लिए पुलिस ने आम जनता से वैकल्पिक मार्गों के प्रयोग की अपील की है।
एसपी ट्रैफिक लोकजीत सिंह ने बताया कि नगर परिक्रमा के दौरान शहर के कई प्रमुख चौराहों पर बैरियर लगाए जाएंगे और ट्रैफिक को दूसरे मार्गों पर मोड़ा जाएगा। लोगों से सहयोग की अपील की गई है।
सहारनपुर चौक और कांवली रोड: जब नगर परिक्रमा सहारनपुर चौक पहुंचेगी, तब कांवली रोड से चौक की ओर कोई ट्रैफिक नहीं आएगा। इस दौरान पटेलनगर मंडी से आने वाले ट्रैफिक को कमला पैलेस की ओर और बल्लीवाला से आने वाले वाहनों को बल्लूपुर/जीएमएस रोड भेजा जाएगा। वहीं, लक्ष्मण चौक से आने वाले यातायात को पार्क रोड की ओर मोड़ा जाएगा। सहारनपुर चौक से कांवली रोड व झंडा साहिब की ओर किसी भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी।
तिलक रोड: शोभायात्रा के तिलक रोड पहुंचने पर बिंदाल चौक से तिलक रोड की तरफ किसी भी वाहन को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
बिंदाल से घंटाघर के बीच: इस मार्ग पर सड़क को दो लेन में बांटा जाएगा। एक हिस्से से शोभायात्रा निकलेगी और दूसरे हिस्से पर ट्रैफिक चलेगा। भीड़ बढ़ने पर चकराता रोड से घंटाघर आने वाले ट्रैफिक को बल्लूपुर चौक/बिंदाल चौकी से कैंट की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
घंटाघर क्षेत्र: परिक्रमा के घंटाघर पहुंचने पर दर्शनलाल चौक से घंटाघर जाने वाले वाहनों को लैंसडाउन चौक की तरफ और ओरिएंट चौक से आने वाले वाहनों को कनक चौक की ओर भेजा जाएगा। जब परिक्रमा पल्टन बाजार पहुंच जाएगी, तब इन सभी पॉइंट्स पर यातायात सामान्य कर दिया जाएगा।
सहारनपुर रोड व रेलवे गेट: दरबार साहिब से परिक्रमा शुरू होने पर गौघाट कट को खोल दिया जाएगा। रेलवे गेट से सहारनपुर रोड जाने वाले ट्रैफिक को गौघाट कट पर रोक-रोककर (रेगुलेट करके) चलाया जाएगा।
प्रिंस चौक व भण्डारी बाग: जब परिक्रमा का अगला हिस्सा सहारनपुर चौक पहुंचेगा, तब प्रिंस चौक से आने वाले ट्रैफिक को गौघाट कट से भण्डारी बाग की ओर भेजा जाएगा। परिक्रमा का पिछला हिस्सा मातावाला बाग पहुंचने पर भंडारी बाग की ओर ट्रैफिक नहीं भेजा जाएगा और डायवर्जन पॉइंट्स सामान्य किए जाएंगे।
नगर परिक्रमा का रूट
श्री झंडा जी की नगर परिक्रमा दरबार साहिब परिसर से शुरू होगी। इसके बाद यह सहारनपुर चौक, कांवली रोड, एसजीआरआर बिंदाल, तिलक रोड, बिंदाल कट, घंटाघर, पल्टन बाजार, लक्खीबाग, सहारनपुर चौक, बॉम्बे बाग और समाधी स्थल होते हुए वापस सहारनपुर चौक पहुंचेगी और वहां से दरबार साहिब पहुंचकर संपन्न होगी।
यहां रहेंगे बैरियर व डायवर्जन पॉइंट
पटेलनगर मंडी, बल्लीवाला चौक, दर्शनलाल चौक, ओरिएंट चौक, बल्लूपुर चौक, बिंदाल कट।
मेले के लिए देश-विदेश से पहुंची संगतें
उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों से संगतें दून पहुंची। विदेशों से आई संगतों ने भी इस दिव्य अवसर पर श्री झंडे जी के दर्शन कर श्री गुरु महाराज जी की महिमा का गुणगान किया। श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए ढोल की थाप पर नाचते नजर आए। गुरु महाराज की भक्ति में डूबे अनेक भजन गायक पवित्र तालाब के समीप में बने स्टेज पर बैठे लगातार अपनी प्रस्तुति देते रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन