सड़ा आलू है; राहुल गांधी को ‘डरपोक’ बताने वाले शकील अहमद पर भड़के पूर्व CM हरीश रावत
राहुल गांधी को डरपोक बताने वाले शकील अहमद पर कांग्रेसियों का गुस्सा फूट रहा है। अब पूर्व उत्तराखंड सीएम हरीश रावत ने तंज कसा कि सड़े आलू की कोई अहमियत नहीं रह जाती।

कांग्रेस के पूर्व नेता शकील अहमद के राहुल गांधी पर लगाए गए गंभीर आरोपों पर कांग्रेस नेता और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। हरीश रावत ने कहा, “जो सड़ा हुआ आलू समूह से अलग हो जाता है, उसकी कोई अहमियत नहीं होती।” इससे पहले कांग्रेस नेता मणिकम टैगोर ने भी शकील अहमद को "गद्दार" और ‘‘जयचंद’’ कहा था।
दरअसल, शनिवार को शकील अहमद ने दावा किया कि राहुल गांधी एक ‘डरपोक’ और असुरक्षित नेता हैं, जो केवल उन्हीं लोगों को आगे बढ़ाते हैं, जो उनकी प्रशंसा करते हैं। अहमद ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी उन वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में असहज महसूस करते हैं, जिनकी सार्वजनिक प्रतिष्ठा है और इसी कारण वे ऐसे नेताओं को तरजीह दे रहे हैं जिनका कोई जनाधार नहीं है।
गौरतलब है कि शकील अहमद ने पिछले साल नवंबर में बिहार विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस से इस्तीफा दिया था। वह तीन बार विधायक और दो बार सांसद भी रह चुके हैं।
UCC पर भी बरसे हरीश रावत
इसी दौरान हरीश रावत ने समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “UCC सनातन धर्म पर हमला है। भाजपा चाहे जितना आत्मप्रशंसा कर ले, इससे सच्चाई नहीं बदलेगी। यह सनातन धर्म के खिलाफ उठाया गया कदम है।” रावत ने आरोप लगाया कि भाजपा के पास कोई सकारात्मक एजेंडा नहीं है और वह उत्तराखंड में बढ़ते पलायन, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और बिगड़ती कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर जवाब देने में पूरी तरह विफल रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन