उत्तराखंड में सड़क हादसों का काला दिन, तीन अलग-अलग जगह खाई में गिरे वाहन; 7 की मौत और 6 घायल
एक ही दिन तीन अलग-अलग जगहों पर वाहन खाई में जा गिरे। राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) के जवानों ने रात में ही कठिन परिस्थितियों में ही रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम दिया।

उत्तराखंड में तीन अलग-अलग जिलों में हुई सड़क दुर्घटनाओं में 7 लोगों की मौत जबकि 6 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मृतकों के परिवार में मातम का माहौल है। ये सड़के हादसे चमोली, उत्तरकाशी और अल्मोड़ा में हुए हैं।
पहला हादसा शुक्रवार रात चमोली जिले के रूपकुंड रोड पर स्थित ल्वानी गांव के पास हुआ। यहां एक कार में परिवार के 6 लोग सवार थे और कार खाई में जा गिरी। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए।
रिश्तेदार का शव लेकर लौट रहे थे
दरअसल परिवार देहरादून में अपने रिश्तेदार भजन सिंह के ईलाज के दौरान हुई मौत के बाद उनका शव लेकर बैंक लोहाजंग स्थित अपने गांव लौट रहा था। शव एम्बुलेंस में था जबकि परिवार दूसरी गाड़ी में सवार था। इस दौरान उनकी गाड़ी 400-500 मीटर खाई में जा गिरी। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान बलबीर सिंह बिष्ट (52), उनकी पत्नी शांति देवी (48) और उनके बेटे अंशु बिष्ट (18) के रूप में हुई है। वहीं घायलों को ईलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दूसरा हादसा
दूसरा हादसा भी शुक्रवार की रात हुई हुआ है। इस हादसे में उत्तरकाशी जिले के गंगनानी के पास श्रद्धालुओं को ले जा रही एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई जा गिरी। इस हादसे में महाराष्ट्र के दंपत्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया तो वहीं तीन लोग घायल हो गए। रेसक्यू के बाद घायलों को तुरंत तीन एम्बुलेंस की मदद से जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी ले जाया गया। मृतकों की पहचान नागपुर निवासी दामोदर हरिरामजी रामटेकर (77) और उनकी पत्नी लक्ष्मी दामोदर रामटेकर (67) के रूप में हुई है। घायलों की पहचान ओडिशा के विमल कुमार प्रधान (67), उनकी पत्नी उपासना प्रधान (54) और पंजाब के यशवीर के रूप में हुई है।
तीसरा सड़क हादसा
राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) के जवानों ने रात में ही कठिन परिस्थितियों में ही रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम दिया। तीसरा सड़क हादसा भी शुक्रवार को ही हुआ। ये हादसा अल्मोड़ा जिले में बागेश्वर रोड पर गडहोली गांव के पास हुआ। यहां एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी जिसमें सवार दोनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में मारे गए लोगों की पहचान उत्तर प्रदेश के रहने वाले उमेश (22) और चट्टे राजी (26) के रूप में हुई है जो कि नेपाल का नागरिक है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन