देवर ने चंद रुपयों के लिए दोस्तों के आगे भाभी को परोसा, वहशी ने पुलिस को देख जहर गटका
रुद्रपुर में 22 फरवरी को विवाहिता से गैंगरेप में देवर ही पूरे कांड का मास्टरमाइंड निकला। चंद रुपयों के लिए उसने अपनी भाभी को दोस्तों के सामने परोस दिया। उधर, एक आरोपी ने पकड़े जाने के डर से पुलिस के सामने जहर गटक लिया।

उत्तराखंड के रुद्रपुर से एक ऐसी रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने समाज और रिश्तों पर भरोसे को शर्मसार कर दिया है। यहां एक विवाहिता के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म का मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि उसका अपना सगा देवर निकला। देवर ने चंद रुपयों के लालच में अपने ही घर की इज्जत का सौदा अपने दरिंदे दोस्तों के साथ कर डाला। वहीं, मामले में जब पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपी को पकड़ने की कोशिश की तो उसने पकड़े जाने के डर से जहर गटक लिया।
रुद्रपुर में विवाहिता से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी ने गिरफ्तारी के डर से ट्रेन में ही जहरीला पदार्थ खा लिया। घटना मंगलवार देर शाम उस समय हुई, जब लिंक एक्सप्रेस ट्रेन में जीआरपी द्वारा नजीबाबाद-नगीना रेलवे स्टेशन के बीच नियमित चेकिंग की जा रही थी। चेकिंग के दौरान ट्रेन के एक कोच में सफर कर रहे 23 वर्षीय अभय सक्सेना पुत्र रवेंद्र सक्सेना निवासी रुद्रपुर ने जहर गटक लिया। जिससे उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। पूछताछ में संदेह होने पर जीआरपी ने उसे तत्काल नगीना रेलवे स्टेशन पर उतारा और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगीना में भर्ती कराया। उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
22 फरवरी की रात गैंगरेप
पुलिस जांच में सामने आया कि 22 फरवरी की रात रुद्रपुर में एक विवाहिता के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना हुई थी, जिसमें अभय सक्सेना आरोपी है और घटना के बाद से फरार चल रहा था। बताया जा रहा है कि आरोपी रुद्रपुर से भागकर ट्रेन के जरिए नजीबाबाद-नगीना की ओर जा रहा था। ट्रेन में जीआरपी को जांच करते देख उसने उन्हें उत्तराखंड सिविल पुलिस समझ लिया और घबराकर जहर खा लिया। एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि आवश्यक उपचार के बाद आरोपी रुद्रपुर पुलिस अपने साथ रुद्रपुर ले आई और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया और परिजनों को भी सूचना दे दी गई है। फिलहाल आरोपी का इलाज जिला अस्पताल रुद्रपुर में चल रहा है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
देवर ने चंद रुपयों के लिए भाभी को परोसा
मेला गई महिला से सामूहिक दुष्कर्म मामले में देवर ही मास्टरमाइंड निकला है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी देवर ने अपने दोस्तों से रुपये लेकर साजिश रची थी। वह भाभी को जान-बूझकर किच्छा बाईपास से ले गया था। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
मास्टरमाइंड देवर की घिनौनी साजिश
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मुख्य आरोपी देवर की शुरुआत से ही गतिविधियां संदिग्ध रहीं। पहले तो वह महिला के कोतवाली पहुंचने के बाद फरार हो गया था। फिर खुद ही कोतवाली पहुंचकर बयान देने लगा। जब पुलिस ने सख्ती की तो उसने सारी हकीकत उगल दी। आरोपी देवर ने बताया कि उसने अपने दोस्तों से रुपये लेकर साजिश रची थी। भाई के मेले में जाने से मना करने का उसने फायदा उठाया और भाभी को बिना घर पर बताए अपने साथ ले गया था। इधर, अन्य आरोपी पहले से ही मेले में मौजूद थे। भाभी जहां जा रही थी, आरोपी भी उसी के पीछे चल रहे थे। लेकिन भाभी इस बात से अंजान थी कि जिस पर भरोसा करके वह मेले में आई है, वही देवर उसके दुष्कर्म की साजिश रच चुका है। जब भाभी घर वापस लौट रही थी, तभी आरोपी देवर उसे शॉर्टकट का बहाना बनाकर किच्छा बाईपास से ले गया। तमंचे के बल पर आरोपियों ने सुनसान स्थल पर ले जाकर महिला से सामूहिक दुष्कर्म किया और देवर निगरानी करता रहा।
पीड़िता के बयान दर्ज
सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि महिला का मेडिकल कराने के बाद मंगलवार को मजिस्ट्रेट के सामने पीड़िता के बयान दर्ज किए गए हैं। मामले में देवर को हिरासत में लेकर उसकी सीडीआर रिपोर्ट खंगाली जा रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई हैं, जो संभावित क्षेत्रों में दबिश दे रही हैं। वहीं पुलिस गांधी पार्क से लेकर ठंडी रोड और किच्छा बाईपास तक के सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन