Pushkar Dhami Government Budget to be table Assembly Session in Gairsain from March 9 to 13 पुष्कर धामी सरकार 11 मार्च को पेश करेगी बजट, गैरसैंण में 9 से 13 मार्च तक सत्र, Uttarakhand Hindi News - Hindustan
More

पुष्कर धामी सरकार 11 मार्च को पेश करेगी बजट, गैरसैंण में 9 से 13 मार्च तक सत्र

Uttarakhand Budget: पुष्कर धामी सरकार 11 मार्च को गैरसैंण में बजट पेश करेगी। सत्र 9 मार्च से 13 मार्च तक चलेगा। विधानसभा सचिवालय ने सत्र को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।

Wed, 18 Feb 2026 07:21 AMGaurav Kala लाइव हिन्दुस्तान, देहरादून
share
पुष्कर धामी सरकार 11 मार्च को पेश करेगी बजट, गैरसैंण में 9 से 13 मार्च तक सत्र

Uttarakhand Budget: उत्तराखंड की पुष्कर धामी सरकार का आगामी बजट सत्र गैरसैंण में आयोजित किया जाएगा। विधायी विभाग ने मंगलवार को इसकी औपचारिक अधिसूचना जारी कर दी। 11 मार्च को बजट पेश किया जाएगा। जारी कार्यक्रम के अनुसार बजट सत्र नौ मार्च से शुरू होकर 13 मार्च तक चलेगा। इससे पहले सरकार चार साल पूरा होने पर सात मार्च को हरिद्वार में प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम कर रही है। इसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पहुंचेंगे।

सूत्रों के मुताबिक, सत्र के पहले दिन राज्यपाल का अभिभाषण होगा, जिसमें सरकार की नीतियों और उपलब्धियों का खाका पेश किया जाएगा। इसके बाद सदन की कार्यवाही आगे बढ़ेगी और 11 मार्च को वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट प्रस्तुत किया जा सकता है। विधानसभा सचिवालय ने सत्र को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्य मंत्रणा समिति और सर्वदलीय बैठक की तिथियां भी जल्द घोषित की जाएंगी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:उत्तराखंड उपनल कर्मचारियों को खुशखबरी, 2016 से पहले को समान वेतन
ये भी पढ़ें:गाजीवाली नहीं, आर्यनगर कहा करो;हरिद्वार में शहर के नाम पर CM पुष्कर धामी सख्त
ये भी पढ़ें:धामी सरकार के 4 साल पूरे होने पर जश्न, पीएम मोदी-अमित शाह आ सकते हैं उत्तराखंड

प्रश्नकाल के लिए 510 सवाल प्राप्त

विधानसभा सत्र के लिए विधायकों की ओर से अब तक करीब 510 प्रश्न प्राप्त हो चुके हैं। अधिकारियों का कहना है कि प्रश्नों की संख्या अभी और बढ़ सकती है। सूत्रों ने यह भी संकेत दिया है कि यदि कार्यसूची विस्तृत रही तो सत्र की अवधि बढ़ाने पर भी विचार किया जा सकता है।

बजट से पहले जनता से राय

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि बजट तैयार करने से पहले आम जनता से राय ली जा रही है। चंपावत में संवाद कार्यक्रम आयोजित करने के बाद अब पौड़ी में भी जनसंवाद का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि बजट को केंद्र सरकार की नीतिगत दिशा के अनुरूप तैयार किया जा रहा है, ताकि राज्य के विकास को नई गति मिल सके।

इस बीच मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर भी सरकार की प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 की यात्रा संपन्न होते ही आगामी यात्रा की तैयारियां शुरू कर दी गई थीं। सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए जरूरी इंतजाम समय रहते पूरे कर लिए जाएं। यात्रा से जुड़े विभिन्न पक्षों के साथ बैठकें कर प्राथमिकताएं तय की जा रही हैं।

चारधाम यात्रा को सुगम बनाएंगे-धामी

मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार चारधाम यात्रा को प्रदेश की आर्थिकी से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन मानती है और श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। बुनियादी ढांचे, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

वहीं, सरकार के चार वर्ष पूरे होने के अवसर पर सात मार्च को हरिद्वार में प्रदेश स्तरीय समारोह आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि समारोह में सरकार की उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत किया जाएगा और भविष्य की योजनाओं की रूपरेखा भी साझा की जाएगी। कार्यक्रम को भव्य बनाने की तैयारियां जोरों पर हैं।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।