एजाज के प्यार में पड़ी निशा का खौफनाक अंत; मां-बाप का सहारा बनने दिल्ली गई, लौटी लाश
उत्तराखंड के हल्द्वानी की निशा की यह दूसरी शादी थी। वह दो साल पहले अपने मां-बाप का सहारा बनने दिल्ली काम की तलाश में गई थी। तब उसकी मुलाकात एजाज हुई और उन्होंने लव मैरिज कर ली थी।

उत्तराखंड के हल्द्वानी की निशा परवीन परिवार का सहारा बनने के लिए नौकरी की तलाश में दिल्ली गई थी। उसकी लाश पहुंची तो परिवार में कोहराम मच गया। शादी के 6 दिन बाद ही दिल्ली में पति एजाज ने निशा का गला घोंटकर हत्या कर शव बेड में छिपा दिया था। कमरे से जब बदबू आई तो पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी।
निशा हल्द्वानी के वनभूलपुरा वार्ड-32 की रहने वाली थी। कुछ साल पहले वह रोजगार की तलाश में दिल्ली गई थी। जहां उसे एक निजी कंपनी में नौकरी मिल गई थी। बताया जा रहा है कि दो साल पहले ही उसकी मुलाकात यहां वैशाली, बिहार निवासी मोहम्मद एजाज से हुई। दोनों में दोस्ती हुई जो प्यार में बदल गई।
24 अप्रैल को लव मैरिज हुई थी
24 अप्रैल 2026 को दोनों ने दिल्ली में प्रेम विवाह कर लिया। इसी दौरान निशा और एजाज की आपस में अनबन हुई। पिता तस्लीम का कहना है कि एजाज ने निशा का गला घोंटकर उसे मारने के बाद बेड के नीचे छिपा दिया और कमरे में ताला लगाकर फरार हो गया। जब कुछ दिनों में पड़ोसियों को दुर्गंध आने लगी तो शक हुआ और पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद हत्याकांड का खुलासा हुआ। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
निशा की थी दूसरी शादी
निशा परवीन की यह दूसरी शादी थी। इससे पहले 2022 में उसकी शादी हुई, लेकिन कुछ ही समय बाद उसका तलाक हो गया। जिसके बाद हाल ही में मो.एजाज से उसने शादी की थी। निशा के पिता तस्लीम पहले दर्जी थे, लेकिन कुछ समय से वह ऑटो चलाते हैं। घटना की सूचना के बाद शनिवार को वह दिल्ली गए थे और बेटी का शव लेकर हल्द्वानी पहुंचे।
शादी के 6 दिन बाद पति ने मार डाला
घटना के मुताबिक, दिल्ली में नबी करीम इलाके में एक व्यक्ति ने शादी के महज छह दिन बाद अपनी पत्नी की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी पति मोहम्मद एजाज को बाहरी दिल्ली इलाके से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी बिहार के वैशाली जिले का रहने वाला है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी एजाज ने 26 अप्रैल को हल्द्वानी निवासी 24 वर्षीय निशा परवीन से शादी की थी। दोनों लक्ष्मणपुरी स्थित किराये के मकान में रहते थे और पास की एक बैग फैक्टरी में काम करते थे। शादी के कुछ दिन बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि दो मई को एजाज ने निशा की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को बेड के अंदर छिपाकर कमरे पर ताला लगाकर फरार हो गया।
पड़ोसियों ने दी पुलिस को सूचना
कमरे से बदबू आने लगी। शुरुआत में लोगों ने किसी जानवर के मरने की आशंका जताकर ध्यान नहीं दिया, लेकिन शनिवार को बदबू बढ़ने और एजाज के लंबे समय से नहीं दिखने पर पड़ोसियों को शक हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुई।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन