मेरठ से हरिद्वार-ऋषिकेश तक चलाई जाए नमो भारत ट्रेन; धामी का PM मोदी से अनुरोध
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार मुलाकात कर राज्य के विकास से जुड़े प्रोजेक्ट के लिए सहयोग मांगा। सीएम धामी ने दिल्ली-हल्द्वानी एक्सप्रेसवे के निर्माण और नमो भारत ट्रेन को हरिद्वार एवं ऋषिकेश तक चलाने का अनुरोध किया।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार मुलाकात कर राज्य के विकास से जुड़े प्रोजेक्ट के लिए सहयोग मांगा। सीएम धामी ने दिल्ली-हल्द्वानी एक्सप्रेसवे के निर्माण और दिल्ली से मेरठ तक संचालित नमो भारत ट्रेन रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) परियोजना का विस्तार मेरठ से हरिद्वार एवं ऋषिकेश तक करने का अनुरोध किया।
उन्होंने उत्तराखंड के विकास में केंद्र सरकार के सहयोग के लिए आभार जताया। साथ ही उन्हें प्रधानमंत्री को राज्य के दौरे का भी निमंत्रण दिया। इस मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने पीएम मोदी को राज्य में चल रही विकास परियोजनाओं और नई योजनाओं की भी विस्तृत जानकारी दी।
केंद्र से मदद के लिए पीएम का आभार जताया
मुख्यमंत्री ने हरिद्वार कुम्भ-2027 के लिए 500 करोड़ रुपये की सहायता, नदी जोड़ो परियोजना के अंतर्गत नेशनल वाटर डेवलपमेंट एजेंसी द्वारा फिजिबिलिटी स्टडी, राजाजी नेशनल पार्क स्थित चौरासी कुटिया के विकास के लिए 100 करोड़ रुपये की स्वीकृति, पिथौरागढ़ के नैनी-सैनी हवाई पट्टी हेतु एमओयू और चारधाम यात्रा के लिए सुरक्षित हेली सेवाओं हेतु संचालन में सहयोग के लिए विशेष धन्यवाद दिया। मुख्यमंत्री ने ऋषिकेश में बिजली लाइनों को अंडरग्राउंड करने, चम्पावत बाईपास, देहरादून रिंग रोड एवं देहरादून-मसूरी रोड जैसी महत्वपूर्ण आधारभूत परियोजनाओं की स्वीकृति के लिए भी प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया।
राज्य में वेडिंग डेस्टिनेशन के लिए पॉलिसी भी तैयार की जा रही
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड दौरे पर प्रधानमंत्री जी द्वारा दिए गए सुझावों और मार्गदर्शन पर राज्य सरकार द्वारा की गई कार्यवाही की भी विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उत्तराखण्ड को वैश्विक वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने के लिए चौपता, दुग्गलबिट्ठा, पटवाडांगर और शारदा कॉरिडोर क्षेत्र में कार्य किया जा रहा है, जबकि रामनगर, देहरादून, ऋषिकेश और त्रियुगीनारायण पहले से लोकप्रिय वेडिंग डेस्टिनेशन बन चुके हैं। राज्य में वेडिंग डेस्टिनेशन के लिए पॉलिसी भी तैयार की जा रही है।
ये भी रखे प्रस्ताव
मुख्यमंत्री ने दिल्ली-हल्द्वानी एक्सप्रेसवे के निर्माण और टिहरी झील में सी-प्लेन सेवा प्रारंभ करने का प्रस्ताव भी प्रधानमंत्री के समक्ष रखा। सीएम ने रेल कनेक्टिविटी के विस्तार पर बल देते हुए ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के अंतर्गत ऋषिकेश से व्यासी खंड के शीघ्र लोकार्पण, टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन में रोड-कम-रेल टनल निर्माण, बागेश्वर-कर्णप्रयाग नई रेल लाइन के सर्वे तथा हरिद्वार-देहरादून रेल लाइन के डबलिंग का अनुरोध किया। उन्होंने सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण उत्तरकाशी क्षेत्र को रेल नेटवर्क से जोड़ने हेतु ऋषिकेश-उत्तरकाशी रेल लाइन के निर्माण का भी प्रस्ताव रखा, जिससे गंगोत्री एवं यमुनोत्री धाम की यात्रा सुगम होने के साथ-साथ स्थानीय उत्पादों की आपूर्ति श्रृंखला मजबूत होगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन