Mohammad Deepak Controversy Ends in Kotdwar Bajrang Dal Accepts Baba Shop Name ‘मोहम्मद दीपक’ से उठा तूफान थमा! कोटद्वार में ‘बाबा’ नाम पर बजरंग दल से समझौता, Uttarakhand Hindi News - Hindustan
More

‘मोहम्मद दीपक’ से उठा तूफान थमा! कोटद्वार में ‘बाबा’ नाम पर बजरंग दल से समझौता

कोटद्वार में मुस्लिम दुकानदार के बाबा नाम और हिंदू युवक के खुद को मोहम्मद दीपक बताने के बाद शुरू हुआ बवाल अब थम गया है। पुलिस का कहना है कि दुकान का नाम नहीं बदला जाएगा और बजरंग दल भी इससे सहमत हो गया है।

Mon, 2 Feb 2026 03:07 PMGaurav Kala लाइव हिन्दुस्तान, कोटद्वार
share
‘मोहम्मद दीपक’ से उठा तूफान थमा! कोटद्वार में ‘बाबा’ नाम पर बजरंग दल से समझौता

उत्तराखंड के पौड़ी जिले के कोटद्वार शहर में ‘बाबा’ नाम से चल रही एक कपड़ों की दुकान और जिम संचालक दीपक कश्यप द्वारा खुद को ‘मोहम्मद दीपक’ बताने को लेकर पैदा हुआ विवाद आखिरकार पुलिस के हस्तक्षेप के बाद शांत हो गया है। बजरंग दल के विरोध के बीच उत्पन्न तनाव को देखते हुए प्रशासन ने दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रण में लिया है।

कोटद्वार के अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) चंद्र मोहन सिंह ने बताया कि आपसी संवाद के बाद सहमति बन गई है। दुकान का नाम ‘बाबा’ ही रहेगा और इसे लेकर बजरंग दल कोई विरोध प्रदर्शन नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए फ्लैग मार्च भी किया गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:कौन है खुद को 'मोहम्मद दीपक' बताने वाला युवक? राहुल गांधी ने बताया हीरो
ये भी पढ़ें:मेरा नाम मोहम्मद दीपक, ‘बाबा’ मुस्लिम बुजुर्ग को लेकर बवाल में बजरंग दल भी कूदा

सीमा पर भी बढ़ाई चौकसी

एएसपी ने बताया कि उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से सटी कौड़िया सीमा पर एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि बाहर से कोई असामाजिक तत्व कोटद्वार में प्रवेश कर माहौल खराब न कर सके।

क्या था पूरा मामला

कोटद्वार के पटेल मार्ग पर ‘बाबा’ नाम से संचालित कपड़ों की दुकान के मालिक मोहम्मद शोएब से बजरंग दल के कार्यकर्ता बीते कुछ दिनों से दुकान का नाम बदलने की मांग कर रहे थे। संगठन का आरोप था कि ‘बाबा’ नाम से प्रसिद्ध सिद्धबली हनुमान मंदिर को लेकर भ्रम की स्थिति बन सकती है। बताया गया कि करीब दो-ढाई महीने पहले दुकान मालिक ने स्थान बदलने के बाद नाम बदलने का भरोसा दिया था, लेकिन 10–15 दिन पहले दुकान को नई जगह शिफ्ट करने के बावजूद नाम न बदलने पर फिर विरोध शुरू हो गया।

झड़प के बाद बढ़ा तनाव

बुधवार को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं और दुकान मालिक के जिम संचालक दीपक कश्यप के बीच झड़प और मारपीट हुई। इसी दौरान दीपक ने खुद को ‘मोहम्मद दीपक’ बताया, जिससे मामला और तूल पकड़ गया। शनिवार को देहरादून और हरिद्वार से आए बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने फिर प्रदर्शन किया और दीपक की गिरफ्तारी की मांग की थी। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभाला।

उप जिलाधिकारी चतर सिंह चौहान और एएसपी चंद्र मोहन सिंह मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को बातचीत के लिए मालवीय उद्यान ले जाया गया। बजरंग दल ने दीपक पर सोशल मीडिया पर विवादित पोस्ट डालने का आरोप लगाया। पुलिस ने दीपक को बुलाकर पोस्ट हटवाई, जिसके बाद मामला शांत हुआ।

फ्लैग मार्च, शांति की अपील

तनाव के बाद कोटद्वार नगर क्षेत्र में भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च किया गया। पुलिस ने मुख्य बाजारों, संवेदनशील इलाकों और आवासीय क्षेत्रों में पैदल गश्त कर लोगों से संयम, भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।