Modi Ki Guarantee PM Claims Infra Budget Increased Sixfold Compared Congress Era मोदी की गारंटी है; PM का दावा- कांग्रेस के मुकाबले छह गुना बढ़ा इंफ्रा सेक्टर का बजट, Uttarakhand Hindi News - Hindustan
More

मोदी की गारंटी है; PM का दावा- कांग्रेस के मुकाबले छह गुना बढ़ा इंफ्रा सेक्टर का बजट

पीएम मोदी ने देहरादून में कहा कि 2014 में कांग्रेस शासनकाल में देश में लगभग दो लाख करोड़ के इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट पर काम हो रहा था। अब यह आंकड़ा 12 लाख करोड़ पहुंच गया है।

Wed, 15 April 2026 08:37 AMGaurav Kala देहरादून
share
मोदी की गारंटी है; PM का दावा- कांग्रेस के मुकाबले छह गुना बढ़ा इंफ्रा सेक्टर का बजट

देहरादून में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को अभूतपूर्व गति दी जा रही है। विकसित भारत का संकल्प पूरा करने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने वर्ष 2014 और 2026 के आंकड़े सामने रखते हुए कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र के बजट में छह गुना तक वृद्धि हो चुकी है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 में यूपीए सरकार के समय देश में लगभग दो लाख करोड़ के इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट पर काम हो रहा था। अब यह आंकड़ा 12 लाख करोड़ तक पहुंच गया। अकेले उत्तराखंड में उससे अधिक राशि इंफ्रा विकास पर खर्च की जा रही है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:दून की रक्षक मां डाट काली के दरबार आने वाले दूसरे पीएम मोदी, बंगाल तक संदेश कैसे

प्रधानमंत्री ने कहा-इंफ्रा प्रोजेक्ट ‘मोदी की गारंटी’

इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देशभर में सड़क, सुरंग, रोपवे, रेलवे और हवाई कनेक्टिविटी से जुड़ी कई परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं। उन्होंने इन सभी परियोजनाओं को ‘मोदी की गारंटी’ बताते हुए कहा कि भारत में बुनियादी ढांचे के विस्तार की तेज रफ्तार की चर्चा अब वैश्विक स्तर पर की जाने लगी है।

मोदी ने देरी से पहुंचने पर आमजन से मांगी क्षमा

दून में आयोजित समारोह में करीब एक घंटे देरी से पहुंचने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से क्षमा भी मांगी। उन्होंने कहा कि करीब 12 किलोमीटर लंबे रोड शो के दौरान बड़ी संख्या में आमजन का अभिवादन करने में समय लग गया। उन्होंने लोगों के साथ-साथ सहारनपुर और दिल्ली से ऑनलाइन जुड़े दर्शकों से भी खेद जताया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से रियल एस्टेट में उछाल! किन इलाकों को मिलेगा फायदा?

समान नागरिक संहिता पर धामी की सराहना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने के फैसले पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को सराहा। उन्होंने कहा, उत्तराखंड ने इस दिशा में कदम बढ़ा कर पूरे देश को राह दिखाई है। मंगलवार को दून के जसवंत सिंह आर्मी ग्राउंड में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने अपने भाषण की शुरुआत राज्यपाल के बाद सीधे पुष्कर सिंह धामी के नाम से की और उनको लोकप्रिय, पूरी तरह कर्मठ और युवा मुख्यमंत्री बताया। उन्होंने कहा कि धामी सरकार के निर्णय संविधान की भावना को मजबूत करने वाले हैं।

संविधान की गरिमा को दोबारा स्थापित किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा कि बीते कुछ वर्षों में केंद्र सरकार के कई फैसलों ने संविधान की गरिमा को भी पुनर्स्थापित किया है। अनुच्छेद-370 हटने के बाद पूरे देश में संविधान पूरी तरह लागू हुआ है और अब समान नागरिक संहिता भी उसी दिशा में अहम कदम है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:देशभर में यूसीसी लागू होना चाहिए, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे उद्घाटन पर मोदी

‘धामी पर पूरा भरोसा’

प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के बीच बेहतर समन्वय को भी देवभूमि के विकास के लिए अहम बताया जा रहा। प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी का यह 28वां दौरा रहा, जिनमें से 18 दौरे धामी के सीएम बनने के बाद हुए हैं। बताया जा रहा कि धामी के आमंत्रण पर मोदी ने हर बार सकारात्मक प्रतिक्रिया दी।

विकास को रफ्तार

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखंड से विशेष लगाव हम सबके के लिए सौभाग्यपूर्ण है। उनके सहयोग से राज्य को केंद्र से आर्थिक सहायता और कई योजनाओं में लाभ मिला, जिससे विकास कार्यों को नई गति मिल पाई है। आगे भी देवभूमि को केंद्र का पूरा सहयोग मिलेगा।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।