हरी-नीली चादर डालकर कब्जे नहीं करने देंगे, लैंड जिहादियों पर बरसे CM धामी; देखें VIDEO
विधानसभा सत्र को संबोधित करते हुए उत्तराखंड सीएम पुष्कर सिंह धामी ने लैंड जिहाद पर करारा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि हरी-नीली चादर डालकर कब्जे नहीं करने देंगे, आगे भी कार्रवाई हुई और होती रहेगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार संविधान और कानून के अनुसार ही काम कर रही है। सरकार किसी वर्ग विशेष के खिलाफ नहीं है। उन्होंने लैंड जिहादियों को दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि प्रदेश में लाल,नीली,पीली या हरी चादर डालकर सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण की कोशिश की गई तो उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
विधानसभा के विशेष सत्र के पहले दिन सोमवार देर शाम राज्य के 25 वर्ष के सफर पर चर्चा के दौरान जसपुर विधायक आदेश चौहान के बयान का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने यह बात कही। दरअसल, चौहान ने कहा कि या तो सरकार का अधिकारियों पर अंकुश नहीं है, या फिर सरकार ने कह रखा है कि कुछ लोगों की बात सुननी नहीं है।
इस बयान पर मुख्यमंत्री खड़े हो गए और कहा कि प्रदेश में सबकी जायज और विधि सम्मत बात सुनी जाती है। एक वर्ग विशेष को डराने, धमकाने के आरोप सरासर गलत हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर काम संविधान और कानून के अनुसार करती है। लेकिन सरकारी जमीनों पर कब्जा करने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
सीएम धामी ने आगे कहा कि उत्तराखंड की पहचान उसकी पवित्रता और प्रकृति की निर्मलता में है, इसी भावना को साकार करते हुए हमारी सरकार ने राज्यभर में अतिक्रमण के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया है। अब तक 9 हजार एकड़ से अधिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है। यह केवल एक प्रशासनिक कार्रवाई नहीं, बल्कि देवभूमि की गरिमा और अनुशासन की पुनर्स्थापना का प्रयास है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन