केदारनाथ धाम के नए रावल होंगे केदार लिंग, भीमाशंकर लिंग ने बनाया उत्तराधिकारी
केदारनाथ धाम को नया रावल मिल गया है। मौजूदा रावल भीमाशंकर लिंग ने अपने शिष्य केदार लिंग को उत्तराधिकारी बनाया है। अगले साल उनकी रावल पद पर नियुक्ति की जानी है।

केदारनाथ धाम के लिए अगले साल नए रावल को नियुक्त करने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर केदारनाथ के रावल भीमाशंकर लिंग ने केदार लिंग को अपना उत्तराधिकारी घोषित कर दिया है।
ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में पंचगाई एवं गोठ गांव की बैठक में रावल ने अपने उत्तराधिकारी की घोषणा की। इधर, इस मामले बीते दिनों से उठ रहा विवाद भी शांत हो गया। इस साल की केदारनाथ यात्रा वर्तमान रावल भीमाशंकर लिंग की मौजूदगी में ही शुरू होगी। जबकि आगामी यात्रा के लिए नए रावल के चयन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। केदारनाथ रावल भीमाशंकर लिंग द्वारा पंचगाई समिति को विश्वास में लेते हुए उत्तराधिकारी का चयन किया। साथ ही बदरी-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष से भी आग्रह किया है कि आगामी समय में उन्हें रावल के रूप में चयन को लेकर समिति की कार्यवाही शुरू की जाए।
केदारनाथ रावल ने बताया कि केदार लिंग को उन्होंने 2015 में ही अपना चेला बना लिया था। उन्होंने बताया कि केदार लिंग पूरी योग्यता रखते हैं। इसलिए बदरी-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष को पत्रावली भेज दी जाएगी, जिसके बाद मंदिर समिति नियमानुसार उन्हें नियुक्ति पत्र प्रदान करेगी और इसके बाद रावल के रूप में चयन की सभी प्रक्रियाएं संपन्न की जाएगी।
22 अप्रैल को खुलेंगे केदारनाथ धाम के कपाट
केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल की सुबह आठ बजे से भक्तों के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। रविवार को महाशिवरात्रि के पवित्र मौके पर बदरी-केदार मंदिर समिति के वेदपाठी व आचार्यों ने ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में केदारनाथ धाम के कपाट खोले जाने का मुहूर्त निकाला।
परंपरा के अनुसार, केदारनाथ धाम के रावल भीमाशंकर लिंग ने कपाट खुलने के दिन और मुहूर्त की विधिवत की। केदारनाथ धाम के कपाट खुलने से पूर्व 18 अप्रैल को ओंकारेश्वर मंदिर में भैरवनाथ की विशेष पूजा होगी। 19 को बाबा केदार की चल विग्रह डोली ऊखीमठ से फाटा पहुंचेगी। यहां रात्रि विश्राम के बाद डोली 20 को गौरीकुंड व 21 को धाम पहुंचेगी। 22 अप्रैल की सुबह आठ बजे मंदिर के कपाट खोल दिए जाएंगे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन