मार्च आते ही मई-जून जैसी गर्मी; पारा 6 डिग्री तक बढ़ा; होली पर उत्तराखंड में मौसम की क्या भविष्यवाणी
उत्तराखंड में मार्च आते ही गर्मी बढ़ने लगी है। लोगों को मई और जून की गर्मी का अहसास होने लगा है। तापमान 6 डिग्री तक बढ़ गया है। मौसम विभाग की भविष्यवाणी है कि आने वाले पांच दिन में तापमान 5 डिग्री और बढ़ सकता है।

हिमालयी राज्य उत्तराखंड में इस बार मार्च की शुरुआत ने ही लोगों के पसीने छुड़ाने शुरू कर दिए हैं। मार्च के पहले दिन यानी रविवार से ही सूरज के कड़े तेवर देखने को मिले। आलम यह है कि मैदानी इलाकों में पारा 30 डिग्री सेल्सियस की दहलीज पर पहुंच गया है, जिससे लोगों को समय से पहले चिलचिलाती गर्मी का अहसास होने लगा है। मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, आने वाले दिनों में यह तपिश और अधिक बढ़ने वाली है।
देहरादून में रिकॉर्डतोड़ गर्मी
मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के आंकड़ों के अनुसार, रविवार को राजधानी देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री अधिक रहते हुए 29.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। न केवल दिन, बल्कि रातों के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक यानी 12.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। गर्मी का यह ग्राफ केवल देहरादून तक सीमित नहीं है, बल्कि हरिद्वार, उधमसिंह नगर और नैनीताल के मैदानी क्षेत्रों में भी पारा तेजी से चढ़ रहा है।
अगले 5 दिन 4°C तक और बढ़ेगा तापमान
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर और विभाग द्वारा जारी आधिकारिक बुलेटिन के अनुसार, उत्तराखंड राज्य में अगले 4 से 5 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2°C से 4°C की क्रमिक वृद्धि होने की प्रबल संभावना है। इसका सीधा मतलब यह है कि मार्च के पहले हफ्ते के अंत तक मैदानों में गर्मी अपने तीखे तेवर दिखाएगी। फिलहाल राज्य में किसी भी प्रकार की मौसमी चेतावनी जारी नहीं की गई है।
होली पर बारिश के आसार नहीं
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने बताया कि छह मार्च तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। इस बार होली पर भी मौसम साफ रहेगा। बारिश के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आने वाले दिनों में गर्मी के तेवर और तल्ख होंगे।
7 मार्च तक कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तराखंड के सभी 13 जनपदों में 6 मार्च तक मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा । सप्ताह के अंत में यानी 7 मार्च को मौसम में आंशिक बदलाव की उम्मीद है, जिसके तहत उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपदों में 3000 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की वर्षा या बर्फबारी हो सकती है । राज्य के शेष जनपदों में 7 मार्च को भी मौसम शुष्क ही रहने का अनुमान है ।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन