उत्तराखंड में भारी बर्फबारी और हिमस्खलन की चेतावनी, तीन जिलों के लिए एडवाइजरी जारी
उत्तराखंड में भारी बर्फबारी और हिम्सखलन की चेतावनी है। डीजीआरई चंडीगढ़ ने तीन जिलों उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ को डेंजर लेवल-3 में रखा है। 21 और 22 मार्च के लिए चेतावनी जारी हुई है।

उत्तराखंड में भारी बर्फबारी और हिमस्खलन की चेतावनी जारी की गई है। रक्षा भू-सूचना विज्ञान अनुसंधान प्रतिष्ठान, चंडीगढ़ के अनुसार 21 मार्च से 22 मार्च की शाम पांच बजे तक राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में खतरा बना रहेगा। उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ को डेंजर लेवल-3 में रखा गया है, जो अत्यधिक असुरक्षित स्थिति है। रुद्रप्रयाग और बागेश्वर जिलों के लिए डेंजर लेवल-1 की चेतावनी दी गई है।
उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में एक बार फिर खतरे की घंटी बज गई है। डीजीआरई ने ताजा बुलेटिन जारी करते हुए कई जिलों में हिमस्खलन की चेतावनी दी है। चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में खतरे का स्तर बढ़ गया है, जहां हालिया बर्फबारी के बाद हालात और नाजुक हो गए हैं। विशेषज्ञों ने कुछ जगहों पर खतरे को मध्यम से उच्च श्रेणी में रखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
तीन दिन कई राज्यों में आंधी-बारिश के आसार
नई दिल्ली। मौसम विभाग ने तीन-से चार दिनों तक कई राज्यों में आंधी-तूफान, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। इनमें पूर्वी यूपी, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा और पश्चिम बंगाल शामिल हैं।
उत्तराखंड में तापमान कम रहने की संभावना
देहरादून। दो दिन की बारिश के बाद मैदानी इलाकों को बारिश से राहत मिली है लेकिन रविवार को पांच पहाड़ी जिलों में बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 3300 मीटर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ में कहीं कहीं हल्की बारिश और बिजली चमकने की संभावना है। उत्तराखंड में आने वाले दिनों में तापमान में 6 से 8 डिग्री तक होने की संभावना है।
देहरादून में एक्यूआई रिकॉर्ड स्तर पर सुधरा
पिछले दो-तीन दिन में हुई बारिश ने दून की आबोहवा को साफ कर दिया है। शनिवार को दून का एक्यूआई न्यूनतम छह दर्ज किया गया, जो वैरी गुड की श्रेणी में है। छह एक्यूआई पिछले पांच साल में सबसे कम एक्यूआई रहा है। आंकड़ों के अनुसार 2022 से 2025 तक एक्यूआई का स्तर कभी मार्च में छह तक नहीं पहुंचा। इस बार 30 घंटे की बारिश से यह संभव हुआ। इससे धूल मिट्टी व अन्य कण जमीन में बैठ गए। हवा शुद्ध हो गई। पिछले आंकड़े देखें तो 2025 मार्च में एक्यूआई 25 था। 2024 में एक्यूआई 21, 2023 में भी 21 और 2022 में 20 था। शुक्रवार रात एक्यूआई न्यूनतम छह के स्तर तक पहुंच गया था। एक्यूआई का ये अंतर पिछले करीब 13 दिन में ही दर्ज किया गया।
इसी साल आठ मार्च को दून में एक्यूआई 350 था। यह पिछले पांच साल का सबसे खराब था। दून विवि के पर्यावरण विभाग के एचओडी डॉ. विजय श्रीधर ने कहा कि बारिश से एक्यूआई का स्तर छह पहुंच गया। यह मार्च के पहले सप्ताह में रिकॉर्ड 350 के अधिकतम स्तर पर था। बारिश से हवा वेरी गुड की श्रेणी में आ गई है।
दोपहर में मौसम खुला, शाम को सर्द हवाएं चलीं
देहरादून। 30 घंटे बारिश के बाद मौसम खुल गया। बारिश बंद होने के बाद दून के अधिकतम तापमान में 8.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 6.9 डिग्री उछाल आया है। वहीं, दोपहर बाद काले बादलों और सर्द हवाओं ने ठंड का अहसास कराया। 19 और 20 मार्च को बारिश के कारण दून और मसूरी के तापमान में गिरावट दर्ज की गई थी। ठंड के कारण लोगों को गर्म कपड़े निकालने पड़े थे। शनिवार की सुबह चटक धूप निकली। इससे लोगों ने राहत की सांस ली।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन