हरिद्वार में चारधाम यात्रा शुरू होते ही टैक्सी वाहनों का जमावड़ा, सड़कों पर बढ़ा अतिक्रमण
चारधाम यात्रा शुरू होते ही हरिद्वार में श्रद्धालुओं का आगमन बढ़ गया है। बड़ी संख्या में टैक्सी वाहन शहर पहुंच रहे हैं, जिससे यातायात व्यवस्था बिगड़ गई है। प्रमुख मार्गों पर वाहनों का अतिक्रमण हो गया है, जिससे पैदल चलने वालों के लिए भी जगह नहीं बची। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से समस्या का समाधान करने की अपील की है।

चारधाम यात्रा शुरू होते ही हरिद्वार में श्रद्धालुओं का आगमन तेज हो गया है। इसके साथ ही विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में टैक्सी वाहन भी शहर पहुंच रहे हैं, लेकिन इनके अनियंत्रित खड़े होने से यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। शहर के कई प्रमुख मार्गों पर व्यावसायिक वाहनों ने सड़कों के किनारे अतिक्रमण कर लिया है। मायापुर स्थित भल्ला कॉलेज मार्ग पर सड़क के दोनों ओर पिछले कई दिनों से टैक्सियों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। इसके चलते इस मार्ग पर पैदल चलने वालों के लिए जगह तक नहीं बची है। मायापुर चौकी के आसपास भी सड़क के एक किनारे वाहनों का जमावड़ा देखा जा सकता है।
इसके अलावा नगर निगम से सिंचाई विभाग की ओर जाने वाले मार्ग पर तुलसी चौक के पास सुबह और शाम के समय वाहनों की भीड़ और बढ़ जाती है। इन हालातों के कारण पैदल चलने वाले राहगीरों के लिए सड़क पर चलना भी मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को इस समस्या पर तत्काल ध्यान देना चाहिए, ताकि चारधाम यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और श्रद्धालुओं के साथ-साथ आम नागरिकों को भी राहत मिल सके।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन