यमुनोत्री धाम में अव्यवस्थाओं पर भारी पड़ रही आस्था
यमुनोत्री धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के साथ व्यवस्थाओं की कमी नजर आ रही है। श्रद्धालुओं को स्नान के लिए कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जैसे कि सुरक्षित स्नान घाट और चेंजिंग रूम की कमी। स्थानीय लोग और पुरोहित समाज सरकार से उचित मास्टर प्लान की मांग कर रहे हैं।
बड़कोट। यमुनोत्री धाम में श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या के बीच व्यवस्थाओं की कमी साफ दिखाई दे रही है। अच्छी संख्या में श्रद्धालुओं के यमुनोत्री धाम पहुंचने से जहां चारधाम यात्रा से जुड़े व्यवसायियों और स्थानीय लोगों के चेहरों पर खुशी है, तो वहीं दूसरी ओर मूलभूत सुविधाओं के अभाव में तीर्थ यात्रियों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। धाम में सुरक्षित स्नान घाट, पर्याप्त चेंजिंग रूम और बैठने की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण श्रद्धालुओं को कठिन परिस्थितियों में यमुना नदी में स्नान करना पड़ रहा है। महिलाओं सहित कई श्रद्धालुओं को खुले में कपड़े बदलने को मजबूर होना पड़ रहा है।
वहीं बैठने के लिए उचित स्थान न होने से लोग रेत, बजरी और पत्थरों के सहारे समय बिताने को विवश हैं।स्थानीय लोगों और पुरोहित समाज का कहना है कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के अनुरूप सुविधाएं नाकाफी साबित हो रही हैं। सामाजिक कार्यकर्ता महावीर सिंह पंवार सहित तीर्थ पुरोहितों व अन्य लोगों ने सरकार से मांग की है कि यमुनोत्री धाम के समग्र विकास के लिए शीघ्र मास्टर प्लान तैयार कर उसे धरातल पर उतारा जाए। उनका कहना है कि दीर्घकालिक योजना के बिना धाम का व्यवस्थित विकास संभव नहीं हो पाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन