‘मदरसों के आधुनिकीकरण के प्रयास सराहनीय’
रामनगर पहुंचे उत्तराखंड मदरसा शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष मुफ्ती शमून कासमी रामनगर, संवाददाता। उत्तराखण्ड मदरसा

रामनगर, संवाददाता। उत्तराखण्ड मदरसा शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष मुफ्ती शमून कासमी रविवार को रामनगर दौरे पर पहुंचे। यहां आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा उत्तराखण्ड मदरसा शिक्षा प्राधिकरण की स्थापना और मदरसों के आधुनिकीकरण के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यह पहल मदरसों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक विषयों के समावेशन और छात्रों के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसका उद्देश्य पारंपरिक शिक्षा को समाप्त करना नहीं, बल्कि उसे आधुनिक शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास और राष्ट्रीय शिक्षा मानकों के साथ समन्वित करना है, ताकि मदरसा छात्र-छात्राएं भी प्रतिस्पर्धी युग में बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें।
उन्होंने हालिया कैबिनेट बैठक में पारित उत्तराखंड अल्पसंख्यक शिक्षा अध्यादेश का स्वागत करते हुए कहा कि यह अध्यादेश राज्य के सभी मदरसों में मुख्यधारा की शिक्षा का मार्ग प्रशस्त करेगा। अब सभी मदरसों में उत्तराखंड बोर्ड के पाठ्यक्रम के अनुसार शिक्षा दी जाएगी, जिससे मदरसा छात्र भी डॉक्टर, इंजीनियर और आईएएस बन सकें। उन्होंने समान नागरिक संहिता को प्रगतिशील कदम बताते हुए कहा कि यूसीसी समाज में समानता, न्याय और पारदर्शिता सुनिश्चित करेगा। कहा कि मुख्यमंत्री बिना किसी भेदभाव के प्रदेश के सभी वर्गों के कल्याण के लिए कार्य कर रहे हैं, जिससे राज्य में सामाजिक समरसता और आपसी विश्वास का वातावरण और मजबूत हो रहा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन