Gangotri and yamunotri dham kapat open today chardham yatra starts with plastic free आज खुल रहे गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट, इस साल प्लास्टिक मुक्त चारधाम यात्रा; ड्रोन से निगरानी, Uttarakhand Hindi News - Hindustan
More

आज खुल रहे गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट, इस साल प्लास्टिक मुक्त चारधाम यात्रा; ड्रोन से निगरानी

Chardham Yatra Starts: 19 अप्रैल से उत्तराखंड में चारधाम यात्रा का आगाज हो गया है। आज दोपहर के वक्त गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खोले जाएंगे। इसके साथ ही सरकार ने इस साल चारधाम यात्रा में प्लास्टिक फ्री का संकल्प लिया है।

Sun, 19 April 2026 07:18 AMGaurav Kala देहरादून/उत्तरकाशी
share
आज खुल रहे गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट, इस साल प्लास्टिक मुक्त चारधाम यात्रा; ड्रोन से निगरानी

Chardham Yatra Starts: उत्तराखंड में चारधाम यात्रा का आज से आगाज हो रहा है। दोपहर 12.15 बजे गंगोत्री धाम के कपाट खोले जाएंगे और फिर 12.35 पर यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खुल जाएंगे। इससे पहले शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने ‘प्लास्टिक मुक्त चारधाम यात्रा’ का संकल्प जताते हुए कहाकि इस प्रण को जनांदोलन बनाएंगे।

मुख्यमंत्री ने अपने कैंप कार्यालय में समीक्षा बैठक के दौरान प्लास्टिक पर नियंत्रण के लिए कई जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने प्लास्टिक कचरे को रोकने के लिए पूरे प्रदेश में मनी बैक पॉलिसी लागू करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा रूट की ग्राम पंचायतों तथा अन्य संस्थाएं ड्रोन के माध्यम से कूड़े एवं प्लास्टिक कचरे पर रोकथाम की निगरानी करेंगी। इसके लिए एक अत्याधुनिक कमांड एंड कंट्रोल सेंटर भी बनाया जाएगा। कूड़ा फैलाने वालों के खिलाफ कड़़ी कार्रवाई की जाएगी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:चारधाम का काउंटडाउन शुरू, यात्रा से ठीक पहले बदरीनाथ धाम में CDS अनिल चौहान

प्लास्टिक कचरे के लिए मनी बैक पॉलिसी

उत्तरकाशी जिला प्रशासन ने वर्ष 2023 में गंगोत्री-यमुनोत्री धाम की यात्रा के दौरान प्लास्टिक कचरे को कम करने के लिए ‘प्लास्टिक बोतल लौटाओ, पैसा पाओ’ योजना शुरू की थी। इसके तहत क्यूआर कोड वाली बोतलों पर 10 रुपये और रैपर पर दो रुपये वापस मिलते थे। हालांकि व्यवस्था में कुछ कमियों के चलते यह योजना तब अपने लक्ष्य को हासिल नहीं कर पाई। अब उन कमियों को दूर करते हुए प्लास्टिक पर प्रभावी रोक लगाने के लिए मनी बैक पॉलिसी लागू की जा रही है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गैर सनातनी, रील और...; 19 अप्रैल से शुरू हो रही चारधाम यात्रा के नियम जान लीजिए

ड्रोन से निगरानी

मुख्यमंत्री ने प्लास्टिक की बोतलों को हतोत्साहित करने के लिए यात्रा मार्ग पर जगह-जगह वाटर एटीएम, आरओ प्लांट लगाने व यात्रा मार्ग की हर दुकान पर प्लास्टिक कचरा प्रबंधन की व्यवस्था को अनिवार्य करने के निर्देश भी दिए। प्लास्टिक बोतलों के प्रबंधन के लिए डिजिटल डिपॉजिट रिफंड सिस्टम लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं देने के लिए यात्रा मार्ग के 30 नगर निकायों को विशेष रूप से संसाधनों से लैस किया गया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि 74 मोबाइल शौचालय, पार्किंग, धर्मशाला, आश्रम, होटल और लॉज में लगभग 28,395 कमरे व 67,278 बिस्तरों की व्यवस्था की गई है। रात्रिकालीन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रमुख मार्गों पर 19,604 स्ट्रीट लाइटें लगाई गईं हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:Chardham Yatra 2026: 19 अप्रैल से शुरू हो जाएगी चारधाम यात्रा, जानिए शेड्यूल

केदारनाथ में 24 घंटे मुफ्त गरम पानी

सीएम ने बताया कि केदारनाथ धाम में शीघ्र ही श्रद्धालुओं को 24 घंटे गर्म पानी उपलब्ध कराया जाएगा। यह व्यवस्था बायोमास पैलेट्स से संचालित गीजरों द्वारा की जाएगी। ये देश का पहला प्रयोग है, जहां इतनी ऊंचाई वाले क्षेत्र में 24 घंटे गर्म पानी मुहैया कराया जाएगा। गीजर जीएमवीएन केदारनाथ व लिंचोली में लगेंगे। बायोमास पैलेट्स तैयार करने को पिरूल के साथ घोड़े-खच्चरों की लीद इस्तेमाल होगी। ट्रायल के तौर पर मार्ग में स्थित ढाबों को फायर पैलेट से चलने वाले चूल्हे भी दिए जाएंगे, जो ऊर्जा संकट के समय अत्यंत उपयोगी सिद्ध होंगे और सफल परीक्षण के बाद इन्हें बड़े स्तर पर वितरित किया जाएगा।

सुगम-सुरक्षित यात्रा सरकार का संकल्प

सीएम पुष्कर धामी ने कहा कि चारधाम यात्रा आस्था, साधना और आत्मा को जोड़ने का मार्ग है। यह यात्रा श्रद्धालुओं को हर कठिनाई को पार करने की शक्ति देती है। हमारी सरकार का संकल्प है कि यात्रा सुगम, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और दिव्य हो।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।