गंगा-शारदा कॉरिडोर की सौगात, ऋषिकेश-हरिद्वार से टनकपुर तक बनेंगे तीन रिवर फ्रंट
हरिद्वार पहुंचे उत्तराखंड सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि गंगा-शारदा कॉरिडोर परियोजना सरकार की प्राथमिकता है। इसमें ऋषिकेश-हरिद्वार के साथ ही टनकपुर में शारदा नदी किनारे तीन भव्य रिवर फ्रंट विकसित किए जाएंगे।

Ganga-Sharda Corridor: उत्तराखंड सरकार राज्य में धार्मिक और पर्यटन ढांचे को मजबूत करने के लिए बड़े स्तर पर काम कर रही है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंगा-शारदा कॉरिडोर परियोजना को सरकार की प्राथमिकता बताया है। इस परियोजना के तहत ऋषिकेश-हरिद्वार के साथ ही चंपावत जिले के टनकपुर में शारदा नदी किनारे तीन भव्य रिवर फ्रंट विकसित किए जाएंगे।
हरिद्वार दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि इन परियोजनाओं के लिए बजट में प्रावधान किया जा चुका है और अब इनके निर्माण कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि गंगा कॉरिडोर के तहत ऋषिकेश और हरिद्वार में आधुनिक सुविधाओं से लैस रिवर फ्रंट विकसित किए जाएंगे, जबकि टनकपुर में शारदा कॉरिडोर के तहत इसी तरह का विकास किया जाएगा।
धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बड़ा बढ़ावा
सरकार का मानना है कि इन रिवर फ्रंट के विकसित होने से प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को नया आयाम मिलेगा। गंगा और शारदा नदी के किनारे आधुनिक सुविधाएं, सुगम आवागमन, सौंदर्यीकरण और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
कुंभ-2027 की तैयारियां
मुख्यमंत्री ने बताया कि कुंभ से जुड़े सभी काम समय पर पूरे कराने के लिए टाइमलाइन तय की गई है। शासन स्तर पर बेहतर समन्वय के लिए मुख्य सचिव से भी चर्चा की गई है। जहां भी बाधा आ रही है, उसे आपसी तालमेल से दूर कर गति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा भी जल्द शुरू होने वाली है और उसकी तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। सरकार का लक्ष्य है कि 2027 का कुंभ मेला भव्य और दिव्य रूप में हो। इसके लिए सामाजिक-धार्मिक संगठनों और संत समाज से नियमित परामर्श लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि दून में भी कुंभ तैयारियों की नियमित समीक्षा हो रही है। जरूरत पड़ने पर वे स्वयं हरिद्वार आकर जायजा लेते रहेंगे।
मिशन मोड में काम करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने सड़क, पुल, पेयजल, स्वास्थ्य, यातायात और पार्किंग से जुड़े स्थायी कामों की प्रगति जानी। उन्होंने निर्देश दिए कि चारधाम यात्रा, वर्षाकाल और कांवड़ यात्रा को ध्यान में रखते हुए सभी कामों के क्रियान्वयन की स्पष्ट रणनीति बनाई जाए, ताकि निर्माण में किसी तरह की बाधा न आए और समय पर तैयारियां पूरी हो सकें।

‘पश्चिम बंगाल में हुई लोकतंत्र की हत्या’
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां लोकतंत्र की हत्या हुई है और कानून व्यवस्था बेहद खराब है। उन्होंने कहा कि जब वह पश्चिम बंगाल गए तो देखा कि बड़े पैमाने पर महिलाओं का उत्पीड़न हो रहा है और युवाओं को रोजगार नहीं मिल पा रहा है। वहां के लोगों को वोट डालने के लिए जान तक गंवानी पड़ती है। उनके अनुसार, पश्चिम बंगाल के लोग उत्पीड़न से तंग आ चुके हैं।
भाजपा संगठनात्मक रूप से मजबूत पार्टी
सीएम ने कहा कि भाजपा संगठनात्मक रूप से मजबूत है। वार्ड अध्यक्ष से लेकर पन्ना प्रमुख तक संगठन सक्रिय रूप से काम कर रहा है। सरकार और संगठन मिलकर सभी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनता भाजपा को समर्थन दे रही है और सरकार जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन