देहरादून MBBS रैगिंग में 9 निष्कासित, आरोपियों ने खुद तो पीटा; जूनियर से भी पिटवाया
देहरादून एमबीबीएस रैगिंग प्रकरण में जांच कमेटी की रिपोर्ट में सामने आया है कि एक नहीं दो छात्रों की रैगिंग की गई। 9 छात्रों को निष्कासित किया गया है और दो पर 50-50 हजार का जुर्माना लगाया गया है।

दून मेडिकल कॉलेज के ब्वॉयज हॉस्टल में तीन छात्रों से रैगिंग की दो घटनाओं का खुलासा हुआ है। दोनों मामलों में एंटी रैगिंग कमेटी की संस्तुति पर 2023 एवं 2024 बैच के नौ छात्रों को हॉस्टल व कक्षाओं से निष्कासित कर दिया गया है। वहीं, दो आरोपियों पर 50-50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
12 जनवरी को 2025 बैच के एक छात्र की बेल्ट-चप्पलों से पिटाई और बाल कटाने का दबाव बनाने की घटना सामने आई थी। इसके अलावा एक अन्य छात्र ने हॉस्टल में सीनियर छात्रों पर रैगिंग का आरोप लगाया था। दोनों मामलों में एंटी रैगिंग कमेटी ने सोमवार को रिपोर्ट प्राचार्य को सौंपी। प्राचार्य डॉ. गीता जैन ने छात्र की पिटाई करने के दो आरोपियों को पूरे सेशन व इंटर्नशिप के दौरान हॉस्टल और दो माह के लिए कक्षाओं से निष्कासित कर दिया। दोनों पर 50-50 हजार का जुर्माना भी लगाया गया है। दूसरी घटना में सीसीटीवी कैमरों में चिह्नित किए गए सात छात्रों को तीन माह के लिए हॉस्टल और एक-एक माह के लिए कक्षाओं से निष्कासित किया गया है।
खुद को पीटा, जूनियर से भी पिटवाया
दून मेडिकल कॉलेज में रैगिंग की घटनाओं में सीनियर छात्रों ने दुस्साहस किया। एक मामले में सीनीयर्स ने खुद को जूनियर छात्र को पीटा ही, उसके साथी को धमकाकर भी उसकी पिटाई करवाई। रैगिंग में जूनियर छात्रों में डर का माहौल है। एंटी रैगिंग कमेटी ने पूरी कार्रवाई की वीडियो रिकॉर्डिंग एवं पूरे दस्तावेज रखे हैं।
कॉलेज में रैगिंग की यह सबसे बड़ी घटना
2016 में स्थापित कॉलेज में रैगिंग की यह सबसे बड़ी घटना है और सबसे बड़ी कार्रवाई भी। साल 2023 में रैगिंग के दो मामले सामने आए थे। इनमें दो छात्रों पर हॉस्टल से निष्कासन एवं एक लाख जुर्माने की कार्रवाई हुई थी।
मे़डिकल कॉलेज को राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग से नोटिस
दून मेडिकल कॉलेज में जूनियर छात्रों की रैगिंग एवं पिटाई के मामले में राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग ने मीडिया की खबरों पर स्वत: संज्ञान लिया है। मेडिकल कॉलेज प्रबंधन को नोटिस जारी किया गया है। इसमें एक घटना पर कड़ी नाराजगी जताई गई है। कॉलेज प्रबधन से पूछा है कि रैगिंग की इस घटना पर क्या ऐक्शन हुआ? वहीं मामले में रिपोर्ट भी तलब की है। एनएमसी के नोटिस के बाद कॉलेज में हड़कंप है। सूत्रों के मुताबिक एनएमसी के नोटिस में कार्रवाई में देरी, सूचना न दिए जाने, कदम उठाए जाने को लेकर सवाल पूछे गए हैं।
सात दिन खिंचा मामला, किरकिरी हुई
रैगिंग और पिटाई के इस मामले को सात तक खींचने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। 12 जनवरी की घटना पर 13 जनवरी की शिकायत की गई थी। कार्रवाई 19 जनवरी को की गई है। सूत्रों के अनुसार, कॉलेज में आपसी समन्वय नहीं होने की वजह से ऐसा हुआ। मामला बढ़ा तो रविवार को चीफ वार्डन की तरफ से दो छात्रों को हॉस्टल से निष्कासन किया गया। सोमवार को कमेटी ने रिपोर्ट दी, लेकिन प्राचार्य स्तर पर इसके अध्ययन और आदेश जारी करने में भी देर शाम तक इंतजार होता रहा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन