उत्तराखंड में सुरक्षित एयरो स्पोर्ट्स को मिलेगा बढ़ावा, DGCA बनाएगा नियमावली
उत्तराखंड पैराग्लाइडिंग, पैरा-मोटरिंग और जायरोकाप्टर जैसे साहसिक खेलों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए देश का सबसे बड़ा केंद्र बनेगा।डीजीसीए द्वारा उत्तराखंड में सुरक्षित एयरो स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने के लिए शीघ्र ही विशिष्ट नियमावली जारी की जाएगी।

उत्तराखंड अब केवल आध्यात्मिक शांति ही नहीं, बल्कि रोमांच के शौकीनों के लिए भी देश का सबसे बड़ा केंद्र बनेगा। राज्य में पैराग्लाइडिंग, पैरा-मोटरिंग और जायरोकाप्टर जैसे साहसिक खेलों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) और नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने कमर कस ली है। उत्तराखंड में सुरक्षित एयरो स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने के लिए शीघ्र ही डीजीसीए की ओर से विशिष्ट नियमावली जारी की जाएगी।
हाल ही में नई दिल्ली में आयोजित डीजीसीए की महत्वपूर्ण बैठक में उत्तराखंड में एयरो स्पोर्ट्स की अब तक की प्रगति पर विस्तृत चर्चा हुई। यूकाडा ने बैठक में अपना खाका प्रस्तुत किया, जिसके बाद डीजीसीए ने राज्य को निर्देश दिए हैं कि वे शीघ्र ही सभी स्टेक होल्डर्स (हितधारकों) की बैठक बुलाकर भविष्य की रणनीति तैयार करें।
राज्य सरकार ने एयरो स्पोर्ट्स को अपनी गेम चेंजर योजनाओं में शामिल किया है। वर्तमान में प्रदेश के देहरादून के मालदेवता, टिहरी झील (कोटी कॉलोनी), मुक्तेश्वर, रानीखेत, मसूरी, शिवपुरी (ऋषिकेश) और टनकपुर एयरो स्पोर्ट्स की गतिविधियां संचालित हो रही हैं। इनमें पैराग्लाइडिंग, पैरा-मोटरिंग, हैंग ग्लाइडिंग, हॉट एयर बैलूनिंग और फ्लाइंग फॉक्स आदि गतिविधयां शामिल हैं। इसके अलावा पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए अब जायरोकाप्टर और फ्री फॉल जैसी गतिविधियों को भी शुरू किया जा रहा है।
नियमावली से आएगी सुरक्षा और पारदर्शिता
वर्तमान में प्रदेश में कई स्थानों पर निजी क्षेत्र के माध्यम से साहसिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं, लेकिन एक औपचारिक नियमावली का अभाव है। डीजीसीए ने इस विषय पर सख्ती दिखाते हुए उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विभाग को जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने का समय दिया है। जल्द ही नई दिल्ली में होने वाली अगली बैठक में इस नियमावली का अंतिम खाका तैयार कर लिया जाएगा, जिससे इन साहसिक गतिविधियों में सुरक्षा मानक और बेहतर होंगे।
डॉ. आशीष चौहान, सीईओ और अपर सचिव, यूकाडा, ''उत्तराखंड में एयरो स्पोर्ट्स तेजी से एक प्रमुख एडवेंचर टूरिज्म हब के रूप में विकसित हो रहा है, जिसमें पैराग्लाइडिंग, पैरा-मोटरिंग, हंग ग्लाइडिंग, और हॉट एयर बैलूनिंग शामिल हैं। इन गतिविधियों को सुरक्षित तरीके से संचालित करने के लिए नियमावली बनाने का काम किया जा रहा है।''
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन