पापा को बलि का बकरा बनाया; दिल्ली अग्निकांड में अरेस्ट शेफ नेगी की बेटी ने बताया- क्या हुआ था
दिल्ली अग्निकांड में उत्तराखंड के शेफ केशव नेगी की गिरफ्तारी पर बवाल मच गया है। नेगी की बेटी ने हिन्दुस्तान से खास बातचीत में कहा कि पापा ने कई जानें बचाई, उन्हें बलि का बकरा बनाया गया।

दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड में गिरफ्तार पौड़ी के शेफ केशव नेगी को लेकर उत्तराखंड में सियासी घमासान मच गया है। कांग्रेस ने नेगी की गिरफ्तारी पर सवाल उठाते हुए भाजपा सरकार को घेरा है। जबकि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से बात कर इस प्रकरण में मदद का भरोसा दिलाया है। उधर, केशव नेगी की बेटी कनिष्का नेगी ने कहा कि उनके पिता को बलि का बकरा बनाया गया। मेरे पिता ने आग को बुझाने का प्रयास किया। होटल से कूदकर भाग रहे लोगों की जान बचाने की भी भरसक कोशिश की।
शनिवार को यह मामला सामने आने के बाद बड़ी संख्या में लोग सोशल मीडिया में केशव नेगी के समर्थन में खड़े हो गए हैं। लोगों का आरोप है कि इस मामले में दोषियों को बचाने के लिए शेफ केशव नेगी को बलि का बकरा बनाया जा रहा है। कई लोग इस मामले में सोशल मीडिया में अभियान चलाकर होटल कर्मी की गिरफ्तारी पर सवाल उठा रहे हैं और राज्य सरकार से पैरवी की भी मांग कर रहे है।
बेटी ने हिन्दुस्तान से खास बातचीत की
रविवार को ‘हिन्दुस्तान’ से बात करते हुए कनिष्का ने बताया कि जिस समय होटल में आग की घटना घटी, उनके पिता होटल में थे। जिस किचन में वह काम करते थे, वहां किचन से संबंधित बहुत सारा इलेक्ट्रिक सामान रखा था। इसके साथ गैस के सिलेंडर भी रखे गए थे। आग बहुत तेजी से फैली। उनके पिता ने उसे बुझाने का काफी प्रयास किया। जब धुआं बहुत ज्यादा हो गया तो उन्हें किचन से बाहर निकलने के लिए मजबूर होना पड़ा। उन्होंने बताया कि उनके पिता और होटल के मैनेजर ने होटल मालिक को फोन कर दिया था। यही नहीं, जब भारी धुएं की वजह से उन्हें होटल से बाहर आना पड़ा तो उन्होंने होटल से बाहर कूदने वाले लोगों को चोट से बचाने के लिए जमीन पर गद्दे भी बिछाए। वहीं इस मामले में नैनीताल सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली पुलिस कमिश्नर से फोन पर वार्ता की। सांसद ने मामले की निष्पक्ष और तथ्यपरक जांच सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।
कहा-मुख्यमंत्री ने दिया है मदद का भरोसा
कनिष्का ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ उत्तराखंड के कई लोगों का उन्हें फोन आया है। सीएम ने उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है। उन्होंने कहा कि उनके पिता किचन में काम करते थे। किचन में बहुत सारे चूल्हे और बिजली का सामान रखा गया था। इसने तेजी से आग पकड़ ली। उनके पिता को गिरफ्तार किया जाना गलत है।
थलीसैण के रिखोली गांव के रहने वाले हैं नेगी
केशव नेगी पौड़ी के थलीसैण ब्लॉक के रिखोली गांव के रहने वाले हैं। हालांकि इन दिनों उनका परिवार दिलशाद गार्डन में रहता है। केशव की गिरफ्तारी से उनके परिजन भी खासे परेशान है। केशव की पत्नी सुंदरी देवी ने बताया कि उनके पति को अभी दिल्ली पुलिस ने थाने में रखा है। उन्होंने कहा कि उन्हें इस मामले में ज्यादा जानकारी नहीं है। इधर रिखोली के ग्राम प्रधान प्रेम लाल ने बताया कि केशव नेगी करीब 30 सालों से बाहर है। उनके परिवार के चचेरे भाई मनवर सिंह ने बताया कि वह दिल्ली से बीती 22 अप्रैल को पूजा कार्यक्रम में हिस्सा लेने गांव आए थे। उनका दिल्ली में मकान हैं।
प्रदेश सरकार हर संभव मदद के लिए तैयार : धामी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार मालवीय नगर अग्निकांड में गिरफ्तार केशव नेगी व उनके परिवार के साथ पूरी तरह खड़ी है और इस मामले में हर संभव मदद की जाएगी। मालवीय नगर अग्निकांड के मामले में केशव नेगी की गिरफ्तारी के बाद मुख्यमंत्री धामी ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से बात की। धामी ने बताया कि दिल्ली कि मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया है कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा तथा जांच तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर होगी। धामी ने केशव नेगी की बेटी कनिष्का नेगी से भी बात कर उन्हें हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
सांसद बलूनी-त्रिवेंद्र ने कमिश्नर से की बात
देहरादून। इस मामले का संज्ञान लेते हुए गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी और हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र रावत ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर से बात कर हर संभव कानूनी मदद करने की बात कही है। बलूनी ने केशव नेगी की गिरफ्तारी पर नाराजगी जाहिर की है। सोशल मीडिया में जारी बयान में सांसद अनिल बलूनी ने इस पर नाराजगी जताई और कहा कि वह परिवार को हर संभव मदद करेंगे। इधर, हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र रावत ने भी सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि उन्होंने इस प्रकरण की जानकारी ली है।
केशव को बनाया जा रहा निशाना : गोदियाल
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने पौड़ी के शेफ केशव नेगी की गिरफ्तारी पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि केशव को बलि का बकरा बनाने की कोशिश सवाल खड़े करती है। यदि वे एक कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे, तो मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उधर, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और पूर्व सीएम हरीश रावत ने भी मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की है।
निर्दोष के साथ न हो अन्याय : धन सिंह
कैबिनेट मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने कहा कि मालवीय नगर अग्निकांड प्रकरण में उत्तराखंड के केशव नेगी की गिरफ्तारी के मामले में यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि किसी निर्दोष के साथ अन्याय न हो।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन