देहरादून में रिटायर्ड ब्रिगेडियर की मौत: अबतक 4 गिरफ्तार, SSP ने आरोपियों को दी ये सख्त चेतावनी
अबतक इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे और भी गिरफ्तारियां होंगी। इसके साथ ही उन्होंने घटना को लेकर विस्तार से जानकारी दी है।

देहरादून के राजपुर क्षेत्र में सुबह की सैर पर निकले रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी की मौत पर देहरादून पुलिस ने कहा कि मामले में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा है कि अबतक इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे और भी गिरफ्तारियां होंगी। इसके साथ ही उन्होंने घटना को लेकर विस्तार से जानकारी दी है।
डोबाल ने कहा कि ‘सोमवार (30 मार्च) को सुबह 6 बजकर 50 मिनट पर 112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि थाना राजपुर क्षेत्र में जोहड़ी गांव के पास में कुछ वाहनों के बीच में आपस में रोडरेज और फायरिंग की घटना प्रकाश में आई है। तत्काल एसओ राजपुर चौकी प्रभारी, एसपी सिटी और मेरे द्वारा भी मौके का मुआयना किया गया। फायरिंग की घटना में हमारे रिटायर्ड ब्रिगेडियर उस समय वहां घायल हो गए थे और उन्हें जब तत्काल अस्पताल ले जाया गया तो वहां उन्हें मृत पाया गया।’
फॉर्च्यूनर में सवार लोगों से पूछताछ
उन्होंने आगे बताया ‘वो सुबह अपने साथियों के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इस बीच दो गाड़ियों में सवार युवक एक दूसरे पर फायरिंग कर रहे थे और इसकी चपेट में आने से उनकी मृत्यु हुई। तत्काल सभी पहलूओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न टीमों के माध्यम से घटना के पीछे के कारणों की जब जांच की गई और फॉर्च्यूनर में सवार लोगों से पूछताछ की गई तो उन्होंने हमें जो बताया वह काफी संदिग्ध लगा।
बिल के ज्यादा पैसों को लेकर झगड़ा
एसएसपी ने कहा 'इसके बाद पुलिस ने कोठाल गेट के पास जेनजी क्लब की सीसीटीवी फुटेज को खंगाला तो ये बात सामने आई कि घटना से एक दिन पूर्व (रात) को बिल के ज्यादा पैसों को लेकर क्लब के मालिक, मैनेजर और कुछ लोगों ने इनके साथ (दूसरा पक्ष) मारपीट की थी। उसी का बदला लेने के लिए इन्होंने सुबह तक इंतजार किया। वहीं क्लब बंद करने के बाद क्लब के लोग जब जा रहे थे तो रोडरेज के दौरान ये सारा घटनाक्रम हुआ।’
चार लोगों को गिरफ्तार किया गया
डोबाल ने बताया कि 'इसमें दोनों ही पक्षों को दोषी माना गया है। मैं यह भी सुनिश्चित करता हूं कि इसमें जो लोग भी शामिल थे चाहे वह किसी भी जगह हो प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सबके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। इसी को ध्यान में रखते हुए आज (सोमवार) हमने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इसमें जेनजी क्लब के मालिक संदीप सहित 4 लोगों को गिरफ्तार किया है, और दूसरे पक्ष से आदित्य चौधरी नाम के व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसके 3 साथी फरार हैं। हम उन्हें भी जल्द ही पकड़ लेंगे। घटना में शामिल दोनों वाहन पुलिस हिरासत में हैं। क्लब को सील कर दिया गया है।'
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन