‘किसी की नहीं होने दूंगा’, गुंजन की गर्दन काटने वाला हत्यारा एक बच्चे का बाप, लव मैरिज का सच भी छिपाया
देहरादून पलटन बाजार में 23 साल की गुंजन की गर्दन उड़ाने वाला आकाश एक बच्चे का बाप था और उसने अपनी लव मैरिज की बात छिपाई थी। गुंजन के प्यार में पागल आकाश ने वार्निंग दी थी कि किसी की भी नहीं होने दूंगा।

देहरादून के मच्छी बाजार में दिनदहाड़े युवती का गला रेतने की सनसनीखेज वारदात के आरोपी की मंगलवार को कचहरी परिसर में वकीलों ने पुलिस कस्टडी में पिटाई कर डाली। गुंजन की हत्या के आरोपी आकाश उर्फ गोलू को जब पुलिस कोर्ट में पेशी के लिए लाई तो वहां मौजूद अधिवक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। पुलिस ने किसी तरह बीच-बचाव कर उसे कोर्ट रूम में पहुंचाया। आकाश लव मैरिज कर चुका है और एक बच्चे का पिता भी है। वह खुद को अविवाहित बताकर गुंजन पर शादी का दबाव बना रहा था।
इस सनसनीखेज हत्याकांड में खाकी की घोर लापरवाही सामने आई है। गुंजन ने हत्या से ठीक दो दिन पहले पुलिस से गुहार लगाई थी, लेकिन तब चौकी इंचार्ज ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। भारी दबाव और किरकिरी के बाद मंगलवार को खुड़बुड़ा चौकी इंचार्ज प्रद्युमन नेगी को सस्पेंड किया गया। 31 जनवरी को गुंजन ने लिखित शिकायत दी थी कि आकाश उसे जान से मारने की धमकी दे रहा है। अगर पुलिस तभी चेत जाती तो शायद गुंजन जिंदा होती। हत्या के बाद सोमवार रात तक आला अफसर चौकी इंचार्ज नेगी को केवल लाइन हाजिर कर बचाने की कोशिश करते दिखे। जब सवाल उठे कि शिकायत के बावजूद कार्रवाई क्यों नहीं हुई तो एसएसपी ने सीओ सिटी को जांच सौंपी।
गुंजन के दूरी बनाने से नाराज था आकाश
पुलिस के मुताबिक आकाश करीब तीन साल से गुंजन के प्रेम में पागल था। आकाश ने गुंजन को स्कूटर और फोन भी दिलाया था। इसकी किस्त आकाश चुकाता था। आकाश घर पर खर्च नहीं दे रहा था। आकाश ने अपनी पत्नी से भी प्रेम विवाह किया हुआ है। पत्नी को आकाश की हरकतें पता लगी तो उन्होंने आकाश के साथ गुंजन को डांट लगाई। पुलिस के सामने भी समझौते हुए थे।
सनक : ‘तू मेरी नहीं तो किसी की नहीं होने दूंगा’
आकाश उर्फ गोलू शादीशुदा और एक बच्चे का पिता है। गुंजन के भाई अंश श्रीवास्तव की तहरीर के मुताबिक वह खुद को अविवाहित बताकर गुंजन पर शादी का दबाव बना रहा था। जब गुंजन को उसकी सच्चाई पता चली तो उसने दूरी बना ली। इसी बात से आकाश के सिर पर खून सवार हो गया। उसने धमकी दी थी तू अगर मेरी नहीं हो सकती, तो किसी की नहीं हो सकती।
गुंजन हत्याकांड की जांच एसआईटी करेगी
गुंजन हत्याकांड की जांच को एसआईटी गठित कर दी है। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक नगर प्रमोद कुमार के पर्यवेक्षण में एसआईटी काम करेगी। पुलिस का लक्ष्य वैज्ञानिक साक्ष्यों को जुटाकर मामले का निस्तारण जल्द करना है ताकि आरोपी को कड़ी सजा दिलाई जा सके। एसआईटी में सीओ सिटी स्वप्निल मुयाल, शहर कोतवाल हरिओम राज चौहान, प्रभारी एसओजी मुकेश त्यागी और प्रभारी फील्ड यूनिट शामिल हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन