हर महीने 5 से 7 नेता भाजपा छोड़ेंगे, हमारे पास पूरी लिस्ट; उत्तराखंड में कांग्रेस के दावे से हड़कंप
उत्तराखंड कांग्रेस में अंतर्कलह के बीच पीसीसी चीफ ने नया दावा किया है कि भाजपा के कई विधायक और नेता उनके संपर्क में हैं। कहा कि हमारे पास 18 नाम हैं, हर महीने 5 से 7 नेता पार्टी छोड़ेंगे।

उत्तराखंड में कांग्रेस के भीतर सियासी घमासान को थामने के लिए दिग्गजों ने सक्रियता बढ़ा दी है। हरीश रावत के अवकाश वाले बयानों से असहज कांग्रेस अब डैमेज कंट्रोल में आ गई है। पीसीसी चीफ गणेश गोदियाल ने दावा किया कि पार्टी में कोई फूट नहीं। उल्टा उन्होंने कई भाजपा नेताओं के पार्टी छोड़ने की बात को हवा दे दी। दावा किया कि हमारे पास 18 नामों की लिस्ट है, हर महीने 5 से 7 नेता कांग्रेस जॉइन करेंगे। बता दें कि हाल ही में सात भाजपा से जुड़े नेताओं ने दिल्ली में कांग्रेस जॉइन की थी।
हरीश रावत को पार्टी का आधार बताया
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को उत्तराखंड कांग्रेस के लिए चट्टान नहीं, बल्कि बड़ा आधार करार दिया। उन्होंने कहा कि चीते की चाल और हरीश रावत की आस्था पर कोई सवाल नहीं उठा सकता है। गोदियाल ने कांग्रेस भवन में मीडिया के एक सवाल पर यह बात कही। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस एकजुट है, कहीं कोई दिक्कत नहीं है। उनके अनुसार, हर नेता के बयान के बाद वे कुछ बोलें, यह ठीक नहीं होगा।
बता दें कि, बीते कुछ दिनों से रावत के अवकाश वाले बयानों से असहज दिख रही कांग्रेस डैमेज कंट्रोल मोड में आ गई।
‘पार्टी में कोई कलह ही नहीं, यह भाजपा का है दुष्प्रचार’
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने पार्टी में किसी तरह की गुटबाजी से भी इनकार किया। मीडिया से कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक पार्टी है, जहां सबको बात रखने का हक है। पर छोटी बातों को बड़ा बनाकर पेश किया जा रहा है। उनका आरोप है कि भाजपा झूठ की चाशनी घोलकर विवाद के रूप में पेश कर रही है।
हर माह पांच-सात बड़े नेता कांग्रेस से जुड़ेंगे: गोदियाल
गोदियाल ने कहा कि भाजपा के कुछ विधायक और तमाम बड़े नेता उनके संपर्क में हैं। सही समय आने पर वह कांग्रेस ज्वाइन करेंगे। बीते दिनों हुए घटनाक्रम का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सभी वरिष्ठ नेताओं की ओर से प्रस्तुत 18 लोगों की सूची प्रदेश प्रभारी को सौंपी थी। संजय नेगी का नाम शामिल था। हाईकमान से पहले चरण में छह की ज्वाइनिंग कराई गई। हर माह पांच-सात बड़े नाम पार्टी से जुड़ेंगे। बिना शर्त ज्वाइनिंग हो रही हैं। सर्वे के बाद जीतने जा रहे नामों पर ही पार्टी दांव लगाएगी।
रावत के घर पहुंचे आर्य, गणेश ने फोन घुमाया
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की और बंद कमरे में चर्चा की। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की भी फोन पर बातचीत हुई। आर्य और रावत ने शिष्टाचार भेंट बताया। आर्य ने बताया, प्रदेश के राजनीतिक हालात, पार्टी की मजबूती, रणनीति, जनहित के मुद्दों पर चर्चा हुई। रावत ने कहा कि समसामयिक विषयों पर संवाद हुआ। पूर्व मंत्री हरक सिंह की भी हरीश से मिलने की चर्चाएं थीं। वे आज रावत से मिल सकते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन