Cold Day: कोहरे की 'कैद' में उत्तराखंड, विजिबिलिटी 1 मीटर से भी कम; कई फ्लाइट्स रद्द
उत्तराखंड में मौसम की बड़ी मार। कई जिलों में कोल्ड-डे जैसे हालात। कोहरे की कैद में पूरा उत्तराखंड। विजिबिलिटी एक मीटर से भी कम, कई फ्लाइट्स रद्द हो गईं।

Uttarakhand Cold Day: उत्तराखंड में शनिवार को मैदानी जिलों के साथ कुछ पहाड़ी जिले भी घने कोहरे की चपेट में रहें। सुबह के समय विजिबिलिटी एक मीटर से भी कम रही। इससे न केवल सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थमी, बल्कि रेल और हवाई सेवाओं पर भी असर देखने को मिला। देर तक धूप नहीं निकलने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और कई शहरों में कोल्ड-डे जैसे हालात रहे। हरिद्वार के लक्सर में कोहरे के बीच में एक ई-रिक्शा सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर ट्राली से टकरा गया। हादसे में चालक समेत आठ लोग घायल हो गए।
शनिवार को राज्य में प्रकृति के अलग-अलग रंग देखने को मिले। मैदानी इलाकों में लोगों की सुबह बीते कई रोज की तरह कोहरे के बीच हुई, लेकिन पहाड़ी इलाकों को भी कोहरे ने अपने आगोश में ले लिया। इससे इतर कुमाऊं और गढ़वाल के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में गुनगुनी धूप ने लोगों को ठंड से राहत दी।
देहरादून-हरिद्वारऔर ऋषिकेश में एक्यूआई ने चिंता बढ़ाई
देहरादून में घने कोहरे के बीच प्रदूषण ने परेशानी बढ़ा दी है। देहरादून में शनिवार रात एक्यूआई 340 पहुंचा। सुबह के वक्त औसतन 200 के आसपास रहा। शहरी इलाकों में सुबह दस मीटर तक भी विजिबिलिटी नहीं थी। वहीं, ऋषिकेश में विजिबिलिटी 8 मीटर से कम रही। हरिद्वार में कोहरा सिर्फ छाया ही नहीं, बल्कि पूरे दिन फुहार बनकर बरसता रहा। बादलों और कोहरे की चादर के चलते जिले के कई इलाकों में विजिबिजिलिटी एक मीटर से भी कम रही।

कई फ्लाइट्स रद्द, ट्रेनें देरी से पहुंची
प्रदेश में राजमार्गों और सड़कों पर कोहरे होने से वाहन सुबह से ही हे़डलाइट जलाकर रेंगते नजर आए। लंबी दूरी की कई ट्रेनें और बसें देरी से पहुंची। कम विजिबिलिटी के कारण कई फ्लाइट्स रद्द करनी पड़ी तो कई देरी से पहुंची। अहमदाबाद-भुवनेश्वर से दून पहुंची दो फ्लाइट्स लैंड नहीं कर सकीं। दिल्ली से दून की दो फ्लाइट रद्द। मुंबई से पहुंची फ्लाइट 50 मिनट हवा में चक्कर लगाने के बाद लैंड हुई। 8 ट्रेन देरी से पहुंची। ऋषिकेश, दून में एक देरी से आई। कई अन्य स्टेशनों पर भी आवाजाही प्रभावित।
हल्द्वानी सबसे ठंडा दिन
हल्द्वानी में शनिवार का दिन इस साल का सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम पारा 10 और अधिकतम 18 डिग्री रहा। रुद्रपुर में भी कड़ाके की ठंद है। अल्मोड़ा में दिन के समय धूप रही, जबकि बागेश्वर में सुबह 10 बजे तक कोहरा। खराब मौसम के कारण हल्द्वानी से मुनस्यारी के बीच हेली सेवाएं प्रभावित रहीं। पंतनगर एयरपोर्ट पर इंडिगो की दिल्ली-पंतनगर की दूसरी उड़ान रद्द की गई। दिल्ली से रानीखेत एक्सप्रेस 55 मिनट की देरी से काठगोदाम पहुंची।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन