धार्मिक स्वरूप से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, घुसपैठिए जहां से आए वहीं भेजेंगे: उत्तराखंड CM पुष्कर धामी
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड के धार्मिक-सांस्कृतिक स्वरूप से छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं करेंगे। घुसपैठिए जहां से आए, वहीं भेजेंगे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में कहा कि उत्तराखंड की डेमोग्राफी में बदलाव नहीं होने दिया जाएगा। सीएम ने कहा कि राज्य के धार्मिक-सांस्कृतिक स्वरूप से छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं होगी और ऐसा करने का प्रयास करने वाले घुसपैठियों को वापस वहीं भेजा जाएगा जहां से वो आए हैं।
उत्तराखंड में धामी सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर परेड ग्राउंड में ‘जन-जन की सरकार, चार साल बेमिसाल’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम ने राज्य की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान को बनाए रखने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि प्रदेश में घुसपैठ बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
12 हजार एकड़ भूमि मुक्त कराई
धामी ने कहा कि देवभूमि के देवत्व की रक्षा के लिए सरकार जनसांख्यिकी (डेमोग्राफी) को भी संरक्षित रखने का प्रयास कर रही है। इसके लिए प्रदेश में सख्त धर्मांतरण विरोधी व दंगा विरोधी कानून लागू किए गए। साथ ही कड़ी कार्रवाई करते हुए 12 हजार एकड़ से ज्यादा सरकारी भूमि कब्जा मुक्त कराई। छद्म भेष बनाकर लोगों को ठगने वालों के विरुद्ध ऑपरेशन कालनेमि के तहत कार्रवाई की। सीएम ने कहा कि सरकार ने राज्य में समान नागरिक संहिता लागू कर सभी धर्मों के नागरिकों को समान कानून लागू किया है। इसे देशभर के राष्ट्रवादी सोच के लोगों ने सराहा है। अब जुलाई से सभी मदरसों में सरकारी बोर्ड द्वारा मान्यता प्राप्त पाठ्यक्रम की पढ़ाई शुरू कराई जाएगी।
भ्रष्टाचार पर बड़े मगरमच्छों के खिलाफ भी ऐक्शन
सीएम ने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। बकौल धामी-पहले भ्रष्टाचार के मामलों में सिर्फ छोटी मछलियों को टारगेट किया जाता था पर अब बड़े-बड़े मगरमच्छों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि भ्रष्टाचार करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। भ्रष्टचार और भ्रष्टाचारियों से सख्ती से निपटा जाएगा।
कांग्रेस के तुष्टीकरण के खिलाफ मांगा समर्थन
मुख्यमंत्री ने इस दौरान कांग्रेस की तुष्टिकरण की नीति की आलोचना करते हुए जिहाद के खिलाफ किए जा रहे कार्यों पर जन समर्थन मांगा। मुख्यमंत्री ने रैली में मौजूद लोगों से पूछा कि इस पर कार्रवाई जारी रहनी चाहिए या नहीं। जनता का जबाव मिलने के बाद धामी ने कहा कि सरकार राज्य के धार्मिक स्वरूप को बचाए रखने के लिए कार्रवाई जारी रखेगी।
भ्रष्टाचार और कुशासन पर भी जमकर घेरा
रैली में मुख्यमंत्री ने कांग्रेस सरकार के समय हुए कई घोटालों का जिक्र किया। कांग्रेस सरकार की खनन और शराब को लेकर अपनाई गई नीतियों की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य के संसाधनों की खुली लूट मचाई गई। जबकि मौजूदा सरकार ने दोनों ही मोर्चों पर सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि इसके लिए केंद्र ने राज्य को पुरस्कार भी प्रदान किया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन