उत्तराखंड बजट सत्र से पहले जिम में एक्सरसाइज करते दिखे CM पुष्कर धामी, तस्वीरें वायरल
आज गैरसैंण के भराणीसैंण में उत्तराखंड बजट सत्र की शुरुआत हो रही है। शाम 3 बजे सीएम धामी बजट पेश करेंगे। इससे पहले वे जिम में एक्सरसाइज करते नजर आए।

उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में आज विधानसभा के बजट सत्र की शुरुआत हो रही है। इससे पहले सवेरे-सवेरे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अलग अंदाज में नजर आए। भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा परिसर में सुबह-सुबह मुख्यमंत्री जिम में कसरत करते दिखे। उनकी एक्सरसाइज करते हुए तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। इन तस्वीरों में मुख्यमंत्री धामी ने खुद अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर किया है।
सोमवार सुबह सीएम पुष्कर धामी ने गैरसैंण में भ्रमण किया। उन्होंने सत्र के लिए सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों से मुलाकात की। इसके बाद जिम में पसीना बहाते नजर आए। तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। तस्वीरों में सीएम धामी को सीटेड केबल रो और ट्रेडमिल साइकिंलिंग करते देखा जा सकता है।
सीएम धामी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “गैरसैंण में भ्रमण के दौरान रसोई गृह में पहुंचकर वहां तैयार हो रहे भोजन की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा कार्यरत कर्मचारियों से चर्चा कर उनकी कार्यप्रणाली और आवश्यकताओं के बारे में भी जानकारी ली। इसके उपरांत जिम में कुछ समय व्यायाम कर यहां की सुविधाओं का भी निरीक्षण किया।”
गौरतलब है कि गैरसैंण के भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन में आज से बजट सत्र शुरू होने जा रहा है। सत्र की शुरुआत सुबह 11 बजे राज्यपाल के अभिभाषण से होगी। इस अभिभाषण में राज्य सरकार की नीतियों, उपलब्धियों और आगामी योजनाओं का खाका सदन के सामने रखा जाएगा।
सरकार को घेरने तैयार कांग्रेस
राज्यपाल के अभिभाषण के बाद दोपहर 2 बजे विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी सदन को संबोधित करेंगी। इसके बाद शाम करीब 3 बजे मुख्यमंत्री धामी वित्तीय वर्ष 2026–27 का बजट पेश करेंगे। इस बजट पर पूरे प्रदेश की नजरें टिकी हुई हैं और माना जा रहा है कि इसमें आधारभूत ढांचे के विकास, रोजगार, पर्यटन, कृषि, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे क्षेत्रों पर विशेष फोकस किया जा सकता है।
राजनीतिक दृष्टि से भी यह बजट सत्र काफी अहम माना जा रहा है। एक ओर सरकार अपने कार्यकाल के चार साल पूरे होने की ओर बढ़ रही है, वहीं विपक्ष भी बेरोजगारी, महंगाई और अन्य जनहित के मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है। ऐसे में गैरसैंण में शुरू हो रहा यह सत्र राजनीतिक और नीतिगत दोनों ही दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन