हारे बूथों पर जीत; उत्तराखंड के लिए भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने दिया हैट्रिक का मंत्र
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन उत्तराखंड दौरे पर हैं। उन्होंने भाजपा कोर कमेटी की बैठक में चुनाव में हैट्रिक का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि हारे बूथों पर जीत जरूरी है। साथ ही तीन महीने विशेष अभियान पर जोर दिया।

उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में हैट्रिक को भाजपा ने बीते दो चुनावों में हारे बूथों पर जीत का लक्ष्य रखा है। इसके लिए हर बूथ पर विशेष रणनीति बनाने का निर्णय लेते हुए कोर कमेटी में शामिल पूर्व सीएम, सांसद, मंत्रियों और पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। भाजपा अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार उत्तराखंड पहुंचे नितिन नवीन ने भाजपा कोर कमेटी की बैठक के दौरान हर बूथ पर माइक्रो प्लान और तीन माह विशेष अभियान पर जोर दिया।
देहरादून स्थित भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में गुरुवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रदेश कोर कमेटी के साथ बैठक ली। तीन घंटे से ज्यादा समय चली बैठक का मुख्य एजेंडा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जीत की रणनीति तैयार करना रहा। चुनाव में जीत की हैट्रिक के लिए सभी को कमर कसने के निर्देश दिए गए। खासकर कोर कमेटी के सदस्यों को हर बूथ पर दो दिन बिताने को कहा गया।
हर बूथ पर माइक्रो प्लान
विधानसभा चुनाव में जीत के लिए भाजपा का पूरा फोकस बूथ पर होगा। इसके तहत हर बूथ के लिए माइक्रो प्लान बनाया जा रहा है। विपक्ष की रणनीति का भी बूथ स्तर पर ही जवाब दिया जाएगा। इसके लिए अगले तीन महीने पार्टी विशेष अभियान चलाएगी। हर बूथ की समस्याएं जानने के लिए वरिष्ठ नेता प्रवास करेंगे और वहां से मिले सुझाव-फीडबैक को सरकार तक पहुंचाएंगे। उसके आधार पर आम लोगों की समस्याओं का समाधान बूथ को जीतने की रणनीति तैयार की गई है।
पार्टी अध्यक्ष नवीन ने नसीहत दी कि चुनावों में जीत के लिए कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत, सरकार-संगठन के बीच तालमेल जरूरी है। उन्होंने कहा कि हर विधानसभा का एक-एक बूथ जीतने के लिए जून, जुलाई और अगस्त में विशेष अभियान शुरू किया जाएगा।
समन्वय के साथ अनुशासन का पालन जरूरी
सूत्रों ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पार्टी के सभी नेताओं को पार्टी के अनुशासन का पालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि अनुशासन और आपसी समन्वय ही भाजपा की सफलता का सूत्र है। सभी को हर हाल में पार्टी के अनुशासन का पालन करने और चुनावों में जीत के लक्ष्य पर फोकस करने को कहा गया है।
धामी कैबिनेट के मंत्रियों पर 2027 के विधानसभा चुनावों में जीत की दोहरी जिम्मेदारी होगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने उन्हें अपनी सीट के साथ साथ प्रभार वाले जिलों की सभी सीटों को जिताने की भी जिम्मेदारी दी है। रिपोर्ट कार्ड पर चर्चा के बाद उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए अब बहुत कम वक्त रह गया है। ऐसे में संगठन के साथ समन्वय कर मंत्रियों को निरंतर आम लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि आम लोगों से जुड़े विकास कार्यों में किसी तरह की देरी न हो यह सुनिश्चित किया जाए।
नितिन नवीन ने धामी के कामों की सराहना की
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बैठक के दौरान धामी सरकार द्वारा किए गए कई ऐतिहासिक कार्यों की चर्चा की और कहा कि इन कामों के आधार पर राज्य में भाजपा की हैट्रिक तय है। उन्होंने कहा कि यह सभी काम जनता के बीच पहुंचने जरूरी हैं और सरकार व संगठन को यह कार्य मिलकर करना है। इसके साथ ही उन्होंने केंद्र और राज्य की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के भी निर्देश दिए गए हैं। सभी को हर हाल में पार्टी के अनुशासन का पालन करने और चुनावों में जीत के लक्ष्य पर फोकस करने को कहा गया है।
रिपोर्ट- विमल पुर्वाल
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन