उत्तराखंड में बारिश-बर्फबारी के साथ नई आफत, हिमस्खलन का खतरा; अगले तीन दिन भारी
Uttarakhand Weather Alert: उत्तराखंड में मौसम विभाग ने अगले तीन बारिश और बर्फबारी के अलर्ट के साथ तीन जिलों में हिमस्खलन की भी चेतावनी दी है। देहरादून और मैदानी इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।

Uttarakhand Weather Alert: उत्तराखंड में मौसम के तेवर तल्ख बने हुए हैं। राजधानी देहरादून समेत प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, तेज सर्द हवाओं और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी से ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। मौसम विभाग ने अगले 2–3 दिनों में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की चेतावनी जारी की है। गढ़वाल और कुमाऊं के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अगले तीन दिन बर्फबारी का सिलसिला तेज होने के साथ हिमस्खलन का अलर्ट घोषित किया गया है, जबकि मैदानी जिलों में तेज हवाओं, आकाशीय बिजली और घने कोहरे के आसार हैं।
देहरादून में मौसम का हाल
देहरादून में मंगलवार को अचानक मौसम ने करवट ली। बारिश और शीतलहर से ठंड में इजाफा हो गया, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह धूप निकलने के बाद करीब 12 बजे आसमान में काले बादल छा गए। इसके बाद बारिश और सर्द हवाओं ने लोगों की दुश्वारियां बढ़ा दीं। मौसम विभाग ने उत्तराखंड में अगले 2-3 दिनों में न्यूनतम तापमान में 3-5° डिग्री तक की गिरावट की संभावना जताई है। न्यूनतम तापमान कम होने से रातें सर्द होंगी। 2500 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और बारिश का अनुमान है।
अगले तीन दिन बर्फबारी जारी
मौसम विभाग के अनुसार 29 और 30 जनवरी को उत्तरकाशी, चमोली एवं पिथौरागढ़ जनपदों में हल्की बारिश और 2800 मीटर व उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ पड़ सकती है। शेष जनपदों में मौसम शुष्क रहेगा। 31 जनवरी को भी उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ जनपदों में हल्की बारिश और बर्फबारी, एक फरवरी और दो फरवरी को पहाड़ी जिलों में बर्फबारी का अनुमान है।
रिकॉर्ड पारा गिरा
बारिश के कारण दून में अधिकतम तापमान तीन डिग्री गिरा, जबकि न्यूनतम तापमान में भी 2.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। 26 जनवरी को अधिकम तापमान 25.1 और न्यूनतम तापमान 10.5 था जो घटकर मंगलवार को 22 डिग्री अधिकतम और न्यूनतम तापमान 7.6 रिकार्ड किया गया। वहीं, पंतनगर में अधिकतम तापमान 22.6 और 4.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकार्ड किया गया।
गढ़वाल में हिमस्खलन का अलर्ट
रक्षा भू सूचना अनुसंधान संस्थान चंडीगढ़ की ओर से जारी पूर्वानुमान के बाद आपदा प्रबंधन विभाग ने राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी एवं हिमस्खलन का अलर्ट जारी किया है। अलर्ट के अनुसार राज्य में 28 जनवरी सायं पांच बजे तक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी एवं हिमस्खलन की संभावना है। खासकर उत्तरकाशी, चमोली एवं रुद्रप्रयाग को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी कर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने बताया कि राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण स्थिति की निगरानी कर रहा है।
बिजली चमकने, हवाएं चलने का पूर्वानुमान
28 जनवरी को नैनीताल, चम्पावत एवं ऊधमसिंह नगर में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने एवं झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। 29 जनवरी और 30 जनवरी को हरिद्वार और ऊधमसिंहनगर जनपदों में कहीं-कहीं घना कोहरा छा सकता है।
मसूरी में फिर बर्फबारी होने की उम्मीद जगी
मसूरी। मसूरी में हल्की बारिश से मौसम बदल गया और कड़ाके की सर्दी शुरू हो गई है। मसूरी के आसपास इलाकों में फिर बर्फबारी की फिर से उम्मीद जग गई। मंगलवार सुबह धूप आने के बाद काले बादल छा गए। इसके बाद हल्की बारिश शुरू हो गई, जिससे एक बार फिर से बर्फबारी की संभावना व्यक्त की जा रही है। दुकानदार हीटर के सहारे सर्दी से राहत लेने की कोशिश कर रहे हैं वहीं नगर पालिका के माध्यम से शाम को अलाव जलाने की व्यवस्था की गयी है।
चकराता के लोखंडी में सीजन की दूसरी बर्फबारी
चकराता। बीते शुक्रवार को हुई बर्फ़बारी के बाद मंगलवार दोपहर को चकराता के लोखंडी में सीजन की दूसरी बर्फबारी हुई। चकराता में शाम तक बारिश होती रही। चकराता में मंगलवार का तापमान अधिकतम नौ डिग्री और न्यूनतम एक डिग्री बना रहा। बर्फबारी से पर्यटन व्यवसाय को फायदा हुआ है। रविवार सुबह से चकराता में धूप खिली हुई थी। मंगलवार सुबह आसमान में हल्के बादल छाये थे लेकिन दोपहर होते होते मौसम ने करवट ली और चकराता के लोखंडी में बर्फबारी शुरू हो गई। जबकि चकराता में शाम तक सिर्फ बारिश होती रही। लोखंडी, लोहारी, कोटी कनासर, मोयला टॉप, देवबन, मुंडाली में मंगलवार को सीजन की दूसरी बर्फबारी हुई। बर्फबारी होने से ठंड भी बढ़ गई।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन