Amit Shah in Uttarakhand today 1000 Personnel Deployed for Security Traffic Diversions on Dehradun Delhi Route दो दिन उत्तराखंड में रहेंगे अमित शाह, 1000 जवान देंगे सुरक्षा; देहरादून-दिल्ली रूट पर ट्रैफिक डायवर्जन, Uttarakhand Hindi News - Hindustan
More

दो दिन उत्तराखंड में रहेंगे अमित शाह, 1000 जवान देंगे सुरक्षा; देहरादून-दिल्ली रूट पर ट्रैफिक डायवर्जन

गृह मंत्री अमित शाह दो दिन के लिए उत्तराखंड पहुंचे हैं। उनकी सुरक्षा को 1000 जवान तैनात हैं। वहीं, हरिद्वार में दो दिन भारी वाहनों की नो एंट्री रहेगी। दून-दिल्ली और ऋषिकेश मार्ग पर ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा।

Wed, 21 Jan 2026 09:25 AMGaurav Kala देहरादून/हरिद्वार
share
दो दिन उत्तराखंड में रहेंगे अमित शाह, 1000 जवान देंगे सुरक्षा; देहरादून-दिल्ली रूट पर ट्रैफिक डायवर्जन

Amit Shah in Uttarakhand Today: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर हैं। शाह बुधवार को ऋषिकेश के स्वर्गाश्रम स्थित गीता भवन में कल्याण शताब्दी महोत्सव में भाग लिया। वह हरिद्वार में शांतिकुंज और पतंजलि के कार्यक्रम में शिरकत भी करेंगे। उनकी सुरक्षा को लेकर पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर है। करीब एक हजार जवान सुरक्षा को तैनात हैं। हरिद्वार में दो दिन भारी वाहनों की नौ एंट्री होगी। वहीं, देहरादून-दिल्ली और ऋषिकेश मार्ग पर विशेष डायवर्जन रहेगा।

21 जनवरी को अमित शाह ऋषिकेश पहुंचें। दोपहर 2:45 बजे वे स्वर्गाश्रम स्थित गीता भवन में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत किया, जहां गीता प्रेस द्वारा प्रकाशित मासिक पत्रिका ‘कल्याण’ के शताब्दी अंक का विमोचन किया गया। अमित शाह ने कहा कि गीता प्रेस ने देश को सनातन का पाठ पढ़ाया है। गीता प्रेस सिर्फ एक प्रकाशन संस्था नहीं, बल्कि भारतीय हिंदू धार्मिक साहित्य के प्रसार का सामाजिक और सांस्कृतिक स्तंभ है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म से आकांक्षा रखने वाला हर व्यक्ति भारत की ओर देख रहा है, वह गीता प्रेस से जुड़े बिना रह ही नहीं सकता।

गीता प्रेस ने भारत की आत्मा को छापा

शाह ने कहा कि गीता प्रेस ने सिर्फ पुस्तकें नहीं छापी, बल्कि भारत की आत्मा को छापा है। गीता प्रेस ने सिखाया कि सभ्यता शब्दों से बनती है और शब्द तब अमर होते हैं जब उनमें सत्य, सत्व और सेवा होती है। गीता प्रेस ने 103 वर्षों से सनातन धर्म की लौ को ताकत देने का काम किया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से उत्तराखंड में 3 दिन भारी बारिश-बर्फबारी का अलर्ट
ये भी पढ़ें:जो नहीं सुनेगा, मेरे जूते की सुनेगा... उत्तराखंड भाजपा विधायक के बिगड़े बोल
ये भी पढ़ें:CM धामी से मुलाकात के बाद नेता दिल्ली में डटे, उत्तराखंड में धड़कनें क्यों बढ़ीं

हरिद्वार में कार्यक्रम

अमित शाह के प्रस्तावित दो दिनी दौरे को लेकर हरिद्वार जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव करते हुए कई जगह डायवर्जन लागू किया गया है, जबकि भारी वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। शाह 21 और 22 जनवरी को हरिद्वार दौरे पर रहेंगे। वे पतंजलि योगपीठ फेज-1 एवं फेज-2, शांतिकुंज के बैरागी कैंप स्थित शताब्दी समारोह और गुरुकुल कांगड़ी हेलीपैड पर प्रस्तावित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसे देख 21 जनवरी को दोपहर तीन बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक ट्रैफिक डायवर्जन प्रभावी रहेगा। 22 जनवरी को सुबह सात बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक यही व्यवस्था रहेगी।

हरिद्वार में दो दिन नहीं घुस पाएंगे भारी वाहन

21 और 22 जनवरी को सुबह छह बजे से रात 11 बजे तक शहर में भारी वाहनों की नो-एंट्री लागू रहेगी। बाहरी जिलों से आने वाले भारी वाहनों को हरिद्वार के सीमा क्षेत्र पर ही रोक दिया जाएगा। वहीं, जगजीतपुर चौकी, श्यामपुर कांगड़ी, राजा बिस्कुट, सलेमपुर पिकेट और कोर कॉलेज रुड़की समेत कई जगह सख्ती से रोक लागू रहेगी। इसके लिए देहरादून के साथ समन्वय बनाकर नेपाली तिराहा और लालतप्पड़ पर भी वाहनों को रोका जाएगा।

दून-दिल्ली और ऋषिकेश मार्ग पर विशेष डायवर्जन

एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि दिल्ली से हरिद्वार आने वाले वाहनों को नगला इमरती से लक्सर की ओर मोड़ा जाएगा। नजीबाबाद से हरिद्वार होकर दून जाने वाले हल्के वाहन चीला मार्ग से जाएंगे, जबकि दिल्ली से दून जाने वाला ट्रैफिक रुड़की-मोहंड मार्ग से संचालित होगा। ऋषिकेश से दिल्ली जाने वाले वाहनों को नेपाली तिराहे से दून-मोहंड होकर निकाला जाएगा। सहारनपुर, भगवानपुर और धनौरी से आने वाले वाहनों को बीएचईएल तिराहे से शिवालिक नगर-मध्य मार्ग से प्रवेश दिया जाएगा। हरिद्वार से नजीबाबाद और बिजनौर जाने वाले वाहन सिंहद्वार-लक्सर-बालावाली मार्ग से भेजे जाएंगे।

एक हजार पुलिसकर्मी तैनात

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हरिद्वार दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा तैयारी पूरी कर ली है। शाह की सुरक्षा में एक हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। मंगलवार को रोशनाबाद स्थित पुलिस लाइन में वीवीआईपी सुरक्षा ब्रीफिंग हुई। डीएम मयूर दीक्षित, डीजी-अभिसूचना अभिनव कुमार, एडीजी-लॉ एंड ऑर्डर वी. मुरुगेशन, आईजी-लॉ एंड ऑर्डर एसके मीणा एवं एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल सहित कई अफसर मौजूद रहे। उच्च अधिकारियों ने सुरक्षा बल को निर्देश दिए कि ड्यूटी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। बम निरोधक दस्ता, एलआईयू, अग्निशमन बल, पीएसी, एटीएस, जल पुलिस और एनडीआरएफ सहित सभी सुरक्षा दल सक्रिय रहेंगे। एसएसपी ने बताया, तीन जगह वीवीआईपी कार्यक्रम होंगे। सुरक्षा बल में 507 हेड कांस्टेबल, 59 उप निरीक्षक, 37 मुख्य आरक्षी सहित 1000 कर्मचारी तैनात रहेंगे।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।