मंदिर में दीप जलाने गई युवती के साथ पड़ोसी ने किया रेप, आक्रोशित ग्रामीणों ने फूंकी आरोपी की बाइक
चित्रकूट में मंदिर के पीछे एक युवती को बंधक बना दरिंदगी की गई। आरोपी पड़ोसी ने युवती के ही दुपट्टे से उसके हाथ और मुंह को बांध वारदात को अंजाम दिया। परिजन और आक्रोशित ग्रामीणों ने घटनास्थल के पास खड़ी आरोपी की बाइक को आग लगा दी।

यूपी के चित्रकूट के एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां राजापुर थाना क्षेत्र के एक गांव में मंदिर के पीछे एक युवती को बंधक बना दरिंदगी की गई। आरोपी पड़ोसी ने युवती के ही दुपट्टे से उसके हाथ और मुंह को बांध वारदात को अंजाम दिया। परिजन और आक्रोशित ग्रामीणों ने घटनास्थल के पास खड़ी आरोपी की बाइक को आग लगा दी। इधर बवाल बढ़ता देख आरोपी और उसके परिजन घर पर ताला डाल भाग निकले। हालांकि देर शाम पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गांव में तनावपूर्ण स्थिति देख पीएसी तैनात कर दी गई है।
राजापुर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती शनिवार शाम करीब सात बजे मंदिर में दीपक जलाने गई थी। युवती जैसे ही परिक्रमा लगाते हुए मंदिर के पीछे पहुंची, तभी वहां पहले से घात लगाए बैठे पड़ोसी राजेश ने उसे पकड़ लिया। युवती चीखती उससे पहले ही आरोपी ने युवती के दुपट्टे से ही उसके हाथ और मुंह को बांध दिया। इसके बाद राजेश ने युवती के साथ दरिंदगी की। इधर युवती काफी देर बाद भी जब घर नहीं पहुंची तो उसकी ताई व एक अन्य महिला खोजबीन करते हुए मंदिर पहुंच गईं। मंदिर के पीछे की तरफ कुछ आहट होने पर दोनो ने पहुंचकर टॉर्च जलाई तो युवती के साथ युवक को आपत्तिजनक स्थिति में देख शोर मचाया।
परिजनों के आने पर युवक अपना मोबाइल फोन व कुछ कपड़े छोड़कर मौके से भाग निकला। कुछ ही देर में अन्य परिजनों के साथ ही गांव के काफी लोग पहुंच गए। आक्रोशित परिजनों ने मौके पर खड़ी बाइक में आग लगाकर उसे फूंक दिया। इधर बवाल की सूचना मिलते ही कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गया। एएसपी सत्यपाल सिंह और सीओ राजकमल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए पीएसी बल बुलाना पड़ा। एएसपी ने बताया कि पीड़ित युवती का बयान लेकर उसे मेडिकल के लिए भेजा गया है। फोरेंसिक टीम की मदद से घटना स्थल पर साक्ष्य एकत्र किए गए है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर युवक के खिलाफ केस दर्ज कर देर शाम उसे गिरफ्तार कर लिया है।




साइन इन